Bihar News: बेल तोड़ने पर नाबालिग की बेरहमी से पिटाई, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
Bihar News: बिहार के वैशाली में एक नाबालिग बच्चे को बेल तोड़ना महंगा पड़ गया। आरोपी ने नाबालिग की बेरहमी से पिटाई की। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
Bihar News: वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जहां बेल तोड़ने के आरोप में 12 वर्षीय छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। इस घटना में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा अभी फरार है। जानकारी के अनुसार, मामला मिश्रौलिया गांव का है। आरोप है कि रेहान अली नामक छात्र ने पेड़ से बेल तोड़ने के लिए पत्थर फेंका था।
बेल तोड़ने पर आरोपी से मारपीट
इसी बात से नाराज होकर गांव के दबंगों ने बच्चे को पकड़ लिया और उसकी बर्बर तरीके से पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि एक आरोपी ने डंडे से लगातार वार किए, जबकि दूसरा उसे पकड़कर रखा था। मारपीट इतनी गंभीर थी कि बच्चा बेहोश हो गया। घटना के बाद परिजनों ने घायल बच्चे को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया।
आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
बाद में उसकी मां उसे लेकर थाने पहुंची, जहां पुलिसकर्मी भी बच्चे की हालत देख हैरान रह गए। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी सन्नी मिश्रा की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
दोषियों के खिलाफ होगी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नाबालिग के साथ इस तरह की हिंसा को लेकर इलाके में आक्रोश है और लोगों ने आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग की है।
वैशाली से ऋषभ की रिपोर्ट