Bihar News: चलती ट्रेन में बदमाशों का तांडव, दो दोस्तों पर लाठी-डंडों से हमला, एक की हालत गंभीर

Bihar News: बिहार में चलती ट्रेन में बदमाशों का तांडव देखने को मिला। बदमाशों ने दो दोस्तों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

ट्रेन में मारपीट
दो दोस्तों पर हमला - फोटो : reporter

Bihar News:  बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला पटना सिटी और फतुहा के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन का है। जहां मंगलवार सुबह बदमाशों ने चलती ट्रेन में घुसकर दो युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना सुबह करीब 8:30 बजे बुद्धदेवचक हॉल्ट के पास हुई, जब राजगीर से पटना जा रही ट्रेन में 5 से 6 बदमाश सवार हुए और दो दोस्तों को निशाना बना लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने दोनों युवकों को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।

एक को ट्रेन से उतारकर पीटा, दूसरे का फोड़ा सिर

घायल युवक ऋषभ राज ने बताया कि बदमाशों ने उसके दोस्त सुमित को ट्रेन से नीचे उतारकर लाठी-डंडों से पीटा, जबकि उसे ट्रेन के अंदर ही निशाना बनाया गया। हमलावरों ने उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। किसी तरह जान बचाकर ऋषभ फतुहा रेल थाना पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। 

सिर पर लगे 5 से 6 टांके 

इसके बाद उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर में 5 से 6 टांके लगाए हैं। घायल की पहचान एलसीटी घाट निवासी राजू प्रसाद गुप्ता के 18 वर्षीय पुत्र ऋषभ राज के रूप में हुई है। मामले में रेल थाना अध्यक्ष का कहना है कि घटना ट्रेन के अंदर ही हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान में जुटी है।

पटना से रजनीश की रिपोर्ट