जिउतिया के पहले मोकामा में गंगा घाट पर डूब गया बेटा ! 3 किशोर गंगा में डूबे, एक का मिला शव

जानकारी के अनुसार, तीन किशोर एक साथ गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दो किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया

Mokama Ganga Ghat Drowns
Mokama Ganga Ghat Drowns- फोटो : news4nation

Bihar News :  मोकामा के हाथीदह थाना क्षेत्र की दरियापुर पंचायत स्थित गंगा घाट पर शुक्रवार को स्नान करने के दौरान एक किशोर गंगा में डूब गया। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दो किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि तीसरे किशोर का शव मिला है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।


डूबने वाले किशोर की पहचान करण कुमार (13) के रूप में हुई है। वह दरियापुर पंचायत के वार्ड संख्या-4 निवासी सतीश मल्लिक का पुत्र बताया गया है।


जानकारी के अनुसार, तीन किशोर एक साथ गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दो किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन करण कुमार का पता नहीं चल सका।


घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद हाथीदह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किशोर की तलाश शुरू कराई गई। गंगा में पानी का बहाव और गहराई अधिक होने के कारण खोजबीन में परेशानी आ रही है। स्थानीय स्तर पर भी लोग किशोर की तलाश में जुटे हैं।


इधर, करण के डूबने की खबर मिलते ही परिवार के लोग गंगा घाट पहुंच गए। बेटे के लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घाट पर मौजूद लोगों और ग्रामीणों में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।


पुलिस की निगरानी में किशोर की तलाश जारी है। स्थानीय लोगों ने गंगा घाटों पर स्नान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

रविशंकर की रिपोर्ट