मुकेश सहनी ने 'हर घर संकल्प अभियान' का किया ऐलान, कहा- 2027 से पहले निषाद आरक्षण नहीं तो भाजपा को वोट नहीं

मुकेश सहनी ने 'हर घर संकल्प अभियान' का किया ऐलान, कहा- 2027
मुकेश सहनी का बड़ा एलान- फोटो : देवांशु प्रभात

Patna : विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी ने उत्तर प्रदेश में निषाद आरक्षण के मुद्दे को लेकर भाजपा और निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद पर बड़ा हमला बोला है। फेसबुक लाइव के जरिए सहनी ने स्पष्ट कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अगर निषाद समाज को आरक्षण नहीं मिला, तो समाज भाजपा को वोट नहीं देगा। उन्होंने कहा कि यूपी में चल रही संकल्प यात्रा से सत्ता पक्ष में घबराहट बढ़ी है। 


'मंत्रालय नहीं, गठबंधन तोड़ने का संकल्प लें'

डॉ. संजय निषाद द्वारा मंत्रालय छोड़ने के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सहनी ने कहा कि केवल सीटों या मंत्रालय का दबाव बनाने के बजाय उन्हें सीधा रुख अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संजय निषाद घोषणा करें कि आरक्षण न मिलने पर वे भाजपा से गठबंधन तोड़ देंगे। सहनी ने दावा किया कि आगरा में हजारों युवाओं ने गंगाजल हाथ में लेकर भाजपा को वोट न देने का संकल्प लिया है। 


'हर घर संकल्प अभियान' का प्लान बी लागू

सरकारी रोक-टोक का हवाला देते हुए सहनी ने पार्टी के 'प्लान बी' का ऐलान किया। इसके तहत हर गांव, ब्लॉक और जिले में युवा खुद 'सन ऑफ मल्लाह' बनकर घर-घर जाकर संकल्प दिलवाएंगे और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका जन्म आंदोलन से हुआ है और सत्ता उनके लिए अंतिम लक्ष्य नहीं है। सहनी ने कहा कि 'आरक्षण नहीं तो गठबंधन नहीं' का नारा ही उनकी राजनीति की नींव है। 


प्रधानमंत्री पर निशाना और 'दिमागी नक्सल' पर जवाब

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए सहनी ने कहा कि अपने अधिकारों के लिए सवाल करने वाले युवाओं को 'दिमागी नक्सल' कहना गलत है। उन्होंने कहा कि अगर हक माँगना नक्सलवाद है, तो वह गर्व से खुद को ऐसा कहेंगे। इसके साथ ही उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, इथेनॉल नीति और 50% आरक्षण की सीमा को हटाने पर सवाल उठाते हुए आबादी के हिसाब से हक देने की वकालत की। 


चुनाव व मतदान से जुड़ी जानकारी

चुनावों और मतदाता पंजीकरण से संबंधित किसी भी आधिकारिक जानकारी, नियम या मतदाता सूची से जुड़े विवरण के लिए आप Election Commission of India Portal या Voters' Services Portal पर विजिट कर सकते हैं। 


देवांशु प्रभात की रिपोर्ट