यूपी में मुकेश सहनी का बड़ा धमाका: दिग्गज नेताओं ने थामा VIP का दामन, राजभर और संजय निषाद को झटका
Bihar News : बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी ने उत्तर प्रदेश में बड़ा धमाका किया है। यूपी के कई बड़े नेता और पूर्व मंत्री ने मुकेश सहनी की पार्टी का दामन थामा है....
Patna : बिहार सरकार के पूर्व मंत्री व विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक मुकेश सहनी ने उत्तर प्रदेश मे बड़ा धमाका किया है। दरअसल उत्तर प्रदेश की राजनीति में रविवार को एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जब सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रदेश अध्यक्ष प्रेमचंद कश्यप और पूर्व राज्यमंत्री अच्छे लाल निषाद ने अपने हजारों समर्थकों के साथ विकासशील इंसान पार्टी (VIP) की सदस्यता ग्रहण कर ली। मुकेश सहनी ने लखनऊ में इन दिग्गजों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। सहनी इन दिनों यूपी में संगठन विस्तार पर जोर दे रहे हैं, और इन बड़े चेहरों के आने से पार्टी को राज्य में नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
"लीडर के साथ रहेगा समाज, लोडर के साथ नहीं": सहनी का संजय निषाद पर तीखा हमला
सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम के दौरान मुकेश सहनी ने निषाद पार्टी के प्रमुख संजय निषाद पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि समाज अब अपने वास्तविक 'लीडर' को पहचानेगा, किसी 'लोडर' के पीछे नहीं जाएगा। सहनी ने आरोप लगाया कि संजय निषाद केवल अपने परिवार को राजनीतिक रूप से 'सेट' करने में लगे हैं और समाज के आरक्षण के मुद्दे को भाजपा के पास गिरवी रख दिया है। उन्होंने खुले तौर पर चुनौती दी कि यदि संजय निषाद भाजपा से निषादों को आरक्षण दिलवा दें, तो वे खुद उनके साथ खड़े हो जाएंगे, अन्यथा उन्हें समाज के हक के लिए VIP के साथ आना चाहिए।
आरक्षण नहीं तो सत्ता से उखाड़ फेंकेंगे: भाजपा को मुकेश सहनी की दोटूक चेतावनी
मुकेश सहनी ने केंद्र और यूपी की सत्तासीन भाजपा सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि निषाद समाज की एक बड़ी सेना तैयार हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भाजपा निषाद समाज को आरक्षण नहीं देती है, तो आने वाले चुनावों में समाज उन्हें सत्ता से उखाड़ फेंकेगा। सहनी ने भाजपा पर संविधान की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनका एकमात्र मकसद सत्ता में बने रहना है। उन्होंने बंगाल चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि निषादों ने अब सबको परख लिया है और वे अपने अधिकारों के लिए स्वार्थी नेताओं को सबक सिखाने के लिए तैयार हैं।
राजभर से मोहभंग: प्रेमचंद कश्यप ने बताया क्यों छोड़ी 'सुभासपा'
VIP में शामिल होने के बाद प्रेमचंद कश्यप ने ओम प्रकाश राजभर पर निशाना साधते हुए कहा कि वे पिछड़ों और दलितों की लड़ाई लड़ने के संकल्प पर खरे नहीं उतरे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आरक्षण का वादा किया था लेकिन अब वह अपने वादे से पलट गई है। कश्यप ने भावुक होते हुए कहा कि भाजपा भगवान राम के नाम पर राजनीति कर रही है, लेकिन भगवान राम को नदी पार कराने वाले निषाद समाज को आज तक सम्मान और हक नहीं दिया। उन्होंने मुकेश सहनी को अपना भाई बताते हुए कहा कि वे अब अपने 'असली घर' में वापस आ गए हैं।
मिशन यूपी: समाज को एकजुट कर आरक्षण की लड़ाई तेज करेगी VIP
वहीं पूर्व राज्यमंत्री अच्छे लाल निषाद ने भी VIP की नीतियों में विश्वास जताते हुए कहा कि वे निषाद-कश्यप समाज को एकजुट करेंगे। इस बड़े सदस्यता अभियान से यह साफ हो गया है कि आने वाले समय में यूपी की राजनीति में पिछड़ों और अति-पिछड़ों की गोलबंदी तेज होगी। मुकेश सहनी की रणनीति अब सीधे तौर पर उन वोट बैंक में सेंध लगाने की है, जो अब तक राजभर या संजय निषाद के पाले में माने जाते थे। सहनी ने जोर देकर कहा कि अब वीआईपी का कारवां निकल पड़ा है और बदलाव की लहर को रोकना नामुमकिन है।
देवांशु प्रभात की रिपोर्ट