मुजफ्फरपुर गोविंद शर्मा हत्याकांड: पटना की जैसमीन परवीन पर साजिश का आरोप, करोड़ों का लेन-देन आया सामने!

मुजफ्फरपुर का कुख्यात शूटर गोविंद शर्मा मर्डर केस अब बेहद सनसनीखेज मोड़ पर आ गया है! मर्डर के तार राजधानी पटना की एक महिला जैसमीन परवीन से जुड़े हैं। पत्नी का आरोप है कि 75 लाख कैश और सोने के विवाद में व्हाट्सऐप पर धमकियां मिल रही थीं

muzaffarpur govind sharma murder case patna connection
पटना की जैसमीन परवीन पर साजिश का आरोप, करोड़ों का लेन-देन आया सामने!- फोटो : Reporter

मुजफ्फरपुर आइकॉन टावर में हुए कुख्यात शूटर गोविंद शर्मा की निर्मम हत्या के मामले के तार अब राजधानी पटना से जुड़ गए हैं। दरअसल, मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र के छोटी कल्याणी अमर सिनेमा रोड के आईकॉन टावर/गणपति मार्केट परिसर में 31 मई 2026 की रात गोविंद कुमार शर्मा की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड को गंभीरता से लेते हुए नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। न केवल नामज़द आरोपियों कि तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी है बल्कि एक नामज़द आरोपी को धर दबोचा है।  पुलिस हिरासत में लिया गया नामज़द आरोपी से SIT लगातार पूछ ताछ कर रही है।


मृतक की पत्नी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज

इस हत्याकांड के बाबत नगर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए Town P.S. Case No. 321/2026 दर्ज कर लिया है। यह एफआईआर मृतक गोविंद शर्मा की पत्नी रीना उर्फ अंजलि के लिखित आवेदन पर दर्ज की गई है। इस आवेदन में जमीन विवाद, पटना की एक महिला के साथ करोड़ों के वित्तीय लेन-देन और आपसी रंजिश का हवाला दिया गया है। पत्नी ने आरोप लगाया है कि एक सोची-समझी 'आपराधिक साजिश' रचकर उसके पति की बेरहमी से हत्या कराई गई है।


पटना की महिला पर करोड़ों के लेन-देन का आरोप

मक्तूल गोविंद की पत्नी ने अपने लिखित आवेदन में सबसे चौंकाने वाला खुलासा पटना के बोरिंग रोड (राजापुर पुल) की रहने वाली एक महिला जैसमीन परवीन को लेकर किया है। आवेदन के मुताबिक, गोविंद ने जैसमीन को करीब 70 से 75 लाख रुपये कैश और भारी मात्रा में सोना (गोल्ड) दिया था। इसी पैसे से पटना के एएन कॉलेज के सामने नंदन अपार्टमेंट में फ्लैट नंबर 504, पटेल नगर स्थित अंबिका नंदन अपार्टमेंट में एक अन्य फ्लैट और एक गाड़ी (नंबर: BR01HE3736) खरीदी गई थी। जब गोविंद को जैसमीन की संदिग्ध गतिविधियों और अपने विरोधियों से उसकी नजदीकियों का पता चला, तो उसने दूरी बना ली और अपनी चल-अचल संपत्ति वापस मांगने लगा, जिसके बाद से ही उसे बर्बाद करने की धमकियां मिलने लगी थीं।


व्हाट्सऐप चैट बनेगा पुलिस तफ्तीश का मुख्य आधार

मृतक की पत्नी रीना उर्फ अंजलि ने आवेदन में स्पष्ट किया है कि संपत्ति की वापसी को लेकर दोनों के बीच हुई तीखी बातचीत के पुख्ता साक्ष्य (What's app चैट) उनके पास सुरक्षित मौजूद हैं, जो इस केस में मुख्य सबूत बनेंगे। पत्नी का पूरा दावा है कि ओंकार सिंह, बाबुल चौधरी और जैसमीन परवीन ने मिलकर एक सोची-समझी आपराधिक साजिश रची और अज्ञात शूटरों को लाइनअप किया। इसी साजिश के तहत 31 मई 2026 की रात करीब 10:00 से 10:15 बजे के बीच गणपति मार्केट (आईकॉन टावर) परिसर में घेरकर गोविंद शर्मा की निर्मम हत्या करवा दी गई।


नए कानून के तहत मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश तेज

इस पूरे मामले में मुजफ्फरपुर पुलिस ने सख्त कानूनी धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने नए कानून की धारा 103(1)/61(2) BNS 2023 और 25(1-b)a/26/35/27 Arms Act के तहत मामला दर्ज कर तफ्तीश तेज कर दी है। व्हाट्सऐप चैट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की टीमें पटना और मुजफ्फरपुर के विभिन्न ठिकानों पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं।