नवोदय पूर्व छात्रों का महाकुंभ: पटना में 'BAAN Fest 2026' का ऐतिहासिक आयोजन

नवोदय का गौरव: पटना में 'BAAN Fest 2026' का भव्य आगाज, 12 राज्यों के 3000 पूर्व छात्र हुए शामिल।BAAN Fest में जुटे देशभर के नवोदयन्स, शिक्षा और समाज सेवा का लिया संकल्प।

 Navodaya Alumni Mahakumbh
नवोदय पूर्व छात्रों का महाकुंभ- फोटो : news 4 nation

बिहार की राजधानी पटना में 'बिहार एलुमनाई एसोसिएशन ऑफ नवोदय' (BAAN) द्वारा BAAN Fest 2026 का भव्य आयोजन किया गया। यह सम्मेलन जवाहर नवोदय विद्यालय के पूर्व छात्रों की एकता, अनुशासन और सामाजिक प्रतिबद्धता का एक बेमिसाल उदाहरण बना। कार्यक्रम में देशभर के 12 राज्यों से आए 3,000 से अधिक पूर्व छात्रों ने शिरकत की, जिससे यह बिहार के सबसे बड़े एलुमनाई आयोजनों में से एक बन गया। बिहार के सभी 39 नवोदय विद्यालयों से जुड़े पूर्व छात्रों की इस भारी मौजूदगी ने संगठन की मजबूती को प्रदर्शित किया।

मुख्य अतिथियों ने सराहा: 'राष्ट्र निर्माण में नवोदयन्स की भूमिका अहम'


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, नवोदय विद्यालय समिति (पटना संभाग) के उप आयुक्त श्री धर्म दत्त शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि नवोदय के पूर्व छात्र समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा रहे हैं। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद लखीसराय के जिलाधिकारी श्री मिथलेश मिश्रा (IAS) ने हजारों पूर्व छात्रों को एक मंच पर देखकर इसे राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे संगठन शिक्षा के सहयोग और विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

नेतृत्व का संकल्प: शिक्षा और सामाजिक विकास के लिए साझा मंच


BAAN के अध्यक्ष श्री सौरभ कुमार ने इस उत्सव को केवल एक समारोह नहीं, बल्कि पूर्व छात्रों को जोड़ने वाला एक आंदोलन बताया। संगठन के सचिव श्री रैम्बो ने साझा उद्देश्यों के माध्यम से छात्रों के लिए नए अवसर सृजित करने पर जोर दिया, वहीं कोषाध्यक्ष श्री मनीष कुमार ने देशभर से मिली अभूतपूर्व भागीदारी और पारदर्शी व्यवस्था को इस सफलता का आधार बताया। कार्यक्रम के अध्यक्ष श्री विक्रम कुमार ने कहा कि पूर्व छात्रों का यह उत्साह और एकता ही असल नवोदय मूल्यों का प्रतिबिंब है।

सांस्कृतिक रंग और संवाद: भविष्य की रूपरेखा पर मंथन

मंच का कुशल संचालन श्री रंजन कुमार झा और प्रबंधन श्री कौशलेंद्र द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे आयोजन को जीवंत बनाए रखा। कार्यक्रम के दौरान विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं और 'एलुमनाई संवाद' सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों का मुख्य उद्देश्य पूर्व छात्रों के बीच आपसी सहयोग को मजबूत करना और शिक्षा व सामाजिक उत्थान के लिए भविष्य की कार्ययोजना तैयार करना रहा। अंत में, BAAN ने राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर दोहराया।