NEET Exam : मिशन 'नीट 2026'! बिहार में 34 जिलों में 331 केंद्रों पर होगी पुनर्परीक्षा, 1.56 लाख से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल
NEET Exam : 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) 2026 पुनर्परीक्षा को लेकर बिहार सरकार पूरी तरह से मुस्तैद है। 34 जिलों के 331 केन्द्रों पर यह परीक्षा कराई जाएगी.....पढ़िए आगे
PATNA : आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) 2026 पुनर्परीक्षा (री-एग्जामिनेशन) को पूरी तरह कदाचार मुक्त, पारदर्शी और अभेध सुरक्षा माहौल में संपन्न कराने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह से मुस्तैद है। इसी सिलसिले में मंगलवार को मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और पुलिस महानिदेशक विनय कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा के सफल संचालन के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए। मुख्य सचिव ने उल्लेख किया कि इस महत्वपूर्ण विषय पर मुख्यमंत्री ने पहले ही उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया है। सरकार हर हाल में परीक्षा को बिना किसी त्रुटि के सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आश्वस्त और संकल्पित है। नीट री-एग्जामिनेशन के लिए डाक विभाग और भारतीय वायु सेना (आईएएफ) विशेष विमानों से प्रश्न-पत्रों को सीधे स्टेट हब्स तक सुरक्षित एयरलिफ्ट करने जा रहा है। इस ऐतिहासिक तकनीकी एवं रणनीतिक बदलाव से परीक्षा केंद्रों तक प्रश्न-पत्र पहुंचाने की अवधि घटकर मात्र 2 से 3 घंटे रह जाएगी।
परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े
राज्य के 34 जिलों के 35 शहरों में कुल 331 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें कुल 1 लाख 56 हजार 61 परीक्षार्थी, जिसमें 81,165 छात्र और 74,896 छात्राएं शामिल होंगे। सबसे अधिक 95 परीक्षा केंद्र पटना जिले में बनाए गए हैं, जहां 46 हजार 29 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसके बाद दरभंगा में 16 केंद्रों पर 8,633 अभ्यर्थी, मुजफ्फरपुर में 13 केंद्रों पर 8,126 अभ्यर्थी, गया में 12 केंद्रों पर 6,894 अभ्यर्थी, सीवान में 12 केंद्रों पर 6,517 अभ्यर्थी और मोतिहारी में 13 केंद्रों पर 6,320 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मलित होंगे। भागलपुर में 15 केंद्र पर 5,892 अभ्यर्थी, पूर्णिया में 12 केंद्र पर 4,880 अभ्यर्थी, बेतिया में 8 केंद्र पर 4,819 अभ्यर्थी, समस्तीपुर में 7 केंद्र पर 4,407 अभ्यर्थी, गोपालगंज में 7 केंद्र पर 3,906 अभ्यर्थी, हाजीपुर/वैशाली में 11 केंद्र पर 4,145 अभ्यर्थी, बेगूसराय में 8 केंद्र पर 3,868 अभ्यर्थी, नालंदा में 7 केंद्र पर 3,804 अभ्यर्थी, सासाराम/रोहतास में 7 केंद्र पर 3,598 अभ्यर्थी, सीतामढ़ी में 6 केंद्र पर 3,524 अभ्यर्थी और मधुबनी में 8 केंद्र पर 3,314 अभ्यर्थी के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है।
सोशल मीडिया की होगी सतत मॉनिटरिंग : डीजीपी
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म्स पर पैनी नजर रखी जाएगी। प्रश्न-पत्र लीक का झूठा दावा करने, फर्जी पेपर वायरल करने या किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों को एहतियात के तौर पर तुरंत हिरासत में लिया जाएगा। साथ ही अफवाहों का त्वरित संदेश प्रशासन की ओर से जारी होगा। इसी क्रम में कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण कर अतीत में संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त रहे संस्थानों को इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) और लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (एलआईयू) की जानकारी के आधार पर चौबीसों घंटे कड़ी निगरानी में रखा जाएगा।
केन्द्रों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस टीम लीडर
सभी परीक्षा केन्द्रों पर जिला प्रशासन की ओर से 1 मजिस्ट्रेट और पुलिस प्रशासन से 1 पुलिस टीम लीडर की तैनाती रहेगी। अभ्यर्थियों की संख्या के अनुपात में प्रति केंद्र 3 से 14 होमगार्ड या पुलिस कर्मियों को जांच ड्यूटी में लगाया जाएगा। परीक्षा से जुड़े किसी भी अधिकारी या कर्मी का ट्रांसफर 22 जून से पहले प्रभावी नहीं होगा। साथ ही परीक्षा वाले दिन मॉक ड्रिल में सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों को रिपोर्ट करना अनिवार्य है।
परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों के लिए विशेष सुविधाएं
राज्य सरकार के विशेष आदेशानुसार, नीट(यूजी) के सभी परीक्षार्थियों को बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा रेल पुलिस (जीआरपी) को ट्रेनों में गश्त बढ़ाने और रेलवे प्लेटफॉर्मों पर परीक्षार्थियों के सुरक्षित आवागमन व अस्थायी ठहराव के लिए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों से 100 मीटर की सीमा के बाहर अभिभावकों के बैठने के लिए छायादार स्थल का प्रबंध जिला प्रशासन करेगा। सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे स्थानीय एनजीओ की मदद से सभी केंद्रों पर शुद्ध पेयजल और सत्तू की व्यवस्था कराएं। साथ ही केन्द्रों पर ओआरएस और मेडिकल मोबाइल यूनिट की मुस्तैदी रहेगी।
परीक्षा और योग दिवस आयोजन के लिए अलग-अलग पुलिस बल
मुख्य सचिव ने कहा कि 21 जून को नीट पुनर्परिक्षा के साथ-साथ कई स्थानों पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भी आयोजन किया जाएगा। इन दोनों आयोजनों को सफल करने के लिए दो अलग-अलग प्रशासनिक एवं पुलिस टीमें काम करेंगी। योग दिवस के आयोजनों के कारण परीक्षा केंद्रों के रूट या यातायात में कोई बाधा नहीं आनी चाहिए। यदि जनशक्ति या स्थल को लेकर किसी भी प्रकार का गतिरोध उत्पन्न होता है, तो नीट परीक्षा की सुरक्षा और आवश्यकताएं सर्वोपरि रहेंगी। सभी डीएम और एसपी को रोजाना इसकी समीक्षा करने का कड़ा निर्देश दिया गया है।