Bihar Flood Tragedy: सैलाब में बह गया पूरा परिवार, नेपाल में पूर्वी चंपारण की 5 महिलाएं और मासूम लापता
Bihar Flood Tragedy: नेपाल में आई भीषण बाढ़ और विकराल जलसैलाब ने बिहार के पूर्वी चंपारण के एक परिवार पर ऐसा कहर बरपाया कि गांव में मातम पसर गया। ...
Bihar Flood Tragedy: नेपाल में आई भीषण बाढ़ और विकराल जलसैलाब ने बिहार के पूर्वी चंपारण के एक परिवार पर ऐसा कहर बरपाया कि गांव में मातम पसर गया। आदापुर थाना क्षेत्र के लाला छपरा गांव निवासी बुधन शाह के परिवार की पांच महिलाएं और बच्ची बाढ़ के तेज बहाव में बहकर लापता हो गई हैं। हादसे की खबर मिलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में गम का माहौल है।
बताया जा रहा है कि बुधन शाह का परिवार पिछले करीब चार वर्षों से नेपाल में रहकर कबाड़ खरीदने और मजदूरी का काम करता था। इसी दौरान नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ ने परिवार की खुशियों को तबाही में बदल दिया। हादसे के वक्त बुधन शाह और उनके दो बेटे सुरक्षित बताए जा रहे हैं, लेकिन मकान में मौजूद उनकी पत्नी मानती देवी, तीन बेटियां संध्या, आशा और रूपा तथा दो वर्षीय नातिन आयुषी तेज पानी की चपेट में आकर लापता हो गईं।
जानकारी के मुताबिक संध्या अपनी दो साल की बच्ची आयुषी के साथ अपनी मां से मिलने पहुंची थीं। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में पानी का सैलाब पूरे परिवार के लिए आफत बन जाएगा। पानी का बहाव इतना तेज था कि संभलने या सुरक्षित स्थान तक पहुंचने का मौका तक नहीं मिला।
बताया जा रहा है कि इस कुदरती कहर की जानकारी बुधन शाह ने फोन के जरिए अपने भाई को दी। जैसे ही यह मनहूस खबर लाला छपरा गांव पहुंची, परिवार और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते गांव में मातम छा गया।ग्रामीणों के मुताबिक घटना के बाद से पीड़ित परिवार के घर में चूल्हा तक नहीं जला है। रिश्तेदार और गांव के लोग परिवार को ढांढस बंधाने के लिए लगातार पहुंच रहे हैं, मगर इस गहरे सदमे के आगे हर शब्द बेबस नजर आ रहा है।
नेपाल के आपदा प्रभावित इलाकों में नेटवर्क और इंटरनेट सेवा बाधित होने से परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। लापता लोगों की तलाश और उनके बारे में पुख्ता जानकारी हासिल करने में भी मुश्किलें पेश आ रही हैं। परिवार के लोग स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर हरसंभव मदद की गुहार लगा रहे हैं।सीमावर्ती इलाकों में नेपाल की भारी बारिश और जलप्रवाह को लेकर पहले से ही बेचैनी का माहौल है। ऐसे में चंपारण के एक ही परिवार के कई सदस्यों के लापता होने की खबर ने लोगों की धड़कनें और तेज कर दी हैं।
फिलहाल परिजनों की सबसे बड़ी आस यही है कि बाढ़ के पानी में लापता हुए उनके अपने किसी सुरक्षित स्थान पर मिल जाएं। गांव की निगाहें अब नेपाल से आने वाली हर खबर पर टिकी हैं। एक परिवार की पांच जिंदगियां और एक मासूम बच्ची सैलाब ने सबको अपनी आगोश में ले लिया है, लेकिन अपनों की तलाश में उम्मीद अभी बाकी है।