नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत: फंदे से लटका मिला शव, परिजनों ने ससुराल वालों पर लगाया दहेज हत्या का आरोप
पटना सिटी से एक बड़ी घटना सामने आई है,. जहां एक 24 वर्षीय विवाहिता का फांसी के फंदे से झूलता शव बरामद हुआ है। मायके वालो ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनो पहलुओं को ध्यान मे रखते हुए जांच में जुटी है....
Patna : पटना सिटी के खाजेकलां थाना अंतर्गत दीवान मोहल्ला (राम जानकी चौराहा) में सोमवार को राजा कुमार की 24 वर्षीया पत्नी पूजा कुमारी का शव ससुराल के कमरे में फंदे से झूलता मिला। घटना की जानकारी सामने आते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही खाजेकलां थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की।
दहेज के लिए प्रताड़ना और हत्या का आरोप
चौक थाना क्षेत्र के चौकशिकारपुर (लाल इमली मोहल्ला) निवासी मृतका के पिता शंकर चौधरी और भाई राहुल कुमार ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही पूजा को दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का दावा है कि ससुराल वालों ने पहले उसकी हत्या की और फिर मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, NMCH भेजा गया शव
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया। FSL टीम ने घटनास्थल से आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) भेज दिया है।
ससुराल वाले फरार, लिखित शिकायत का इंतजार
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, मृतका के मायके वालों की तरफ से अभी लिखित आवेदन नहीं मिला है; आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रजनीश की रिपोर्ट