बिहार में एनआईए की छापेमारी, पाकिस्तान से जुड़े आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, एक साथ कसा शिकंजा

आतंकी गतिविधियों से जुड़े मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने बिहार में दो जगहों सहित देश के कई राज्यों में एक साथ छापामारी की है. यह पूरी कार्रवाई पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए हुआ है.

NIA raids in Bihar
NIA raids in Bihar- फोटो : news4nation

NIA Raid in Bihar :  राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पाकिस्तान से जुड़े आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए देश के चार राज्यों में एक साथ छापेमारी की है। एजेंसी ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और महाराष्ट्र में कुल 12 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस कार्रवाई से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, एनआईए की यह कार्रवाई पाकिस्तान से जुड़े ऑपरेटिव जसवीर चौधरी और उसके भारतीय सहयोगियों के नेटवर्क को लेकर की जा रही है। 


जांच एजेंसियों को इनपुट मिले थे कि आरोपी भारत-पाकिस्तान सीमा के जरिए ड्रोन की मदद से हथियार, गोला-बारूद और इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) की खेप भारत में मंगवा रहे थे। सूत्रों के मुताबिक, इस आतंकी नेटवर्क की साजिश पंजाब, दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में विस्फोट कर बड़े नुकसान की थी। एजेंसियों का मानना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो जानमाल की भारी क्षति हो सकती थी।


एनआईए ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के पांच, राजस्थान के दो, बिहार के दो और महाराष्ट्र के तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। बिहार में भी दो संदिग्ध ठिकानों पर एजेंसी की टीम ने तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, फिलहाल एजेंसी की ओर से इन स्थानों की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।


तलाशी अभियान के दौरान कई अहम दस्तावेज, मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसियां इन डिजिटल सबूतों की गहन पड़ताल कर रही हैं ताकि आतंकी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।


एनआईए अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में कई और खुलासे हो सकते हैं। एजेंसी इस नेटवर्क के देशभर में फैले संपर्कों और फंडिंग के स्रोतों की भी जांच कर रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने कहा है कि देश विरोधी गतिविधियों में शामिल किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।