45वें जन्मदिन पर आस्था के दरबार में निशांत कुमार, पिता नीतीश कुमार के साथ महावीर मंदिर पहुंचे, बिहार की खुशहाली के लिए की प्रार्थना
Bihar Health Minister : बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने अपने 45वें जन्मदिन की शुरुआत धार्मिक आस्था और परंपरा के साथ की।
Bihar Health Minister : बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने अपने 45वें जन्मदिन की शुरुआत धार्मिक आस्था और परंपरा के साथ की। जन्मदिन के खास मौके पर सोमवार सुबह वह अपने पिता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ पटना जंक्शन स्थित प्रसिद्ध महावीर मंदिर पहुंचे। जहां दोनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान महावीर का आशीर्वाद लिया।मंदिर पहुंचने के बाद निशांत कुमार ने श्रद्धा भाव से पूजा की और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनता के बेहतर स्वास्थ्य की कामना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में स्थित शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक भी किया। पूजा के दौरान मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं ने स्वास्थ्य मंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके बेहतर भविष्य की कामना की।
जन्मदिन के अवसर पर महावीर मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के भी विशेष इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर में पुलिस बल की तैनाती रही, ताकि श्रद्धालुओं और वीआईपी आगमन के दौरान व्यवस्था सुचारू बनी रहे। पूजा-अर्चना पूरी करने के बाद निशांत कुमार और नीतीश कुमार मंदिर से रवाना हो गए।निशांत कुमार के जन्मदिन पर सुबह से ही बधाइयों का सिलसिला जारी है। समर्थकों, शुभचिंतकों और राजनीतिक दलों के नेताओं की ओर से उन्हें शुभकामनाएं दी जा रही हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी उनके समर्थकों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए स्वस्थ और सफल जीवन की कामना की।
स्वास्थ्य मंत्री के तौर पर निशांत कुमार के लिए यह जन्मदिन राजनीतिक रूप से भी खास माना जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी संभालने के बीच उन्होंने अपने जन्मदिन की शुरुआत धार्मिक अनुष्ठान से कर जनता के कल्याण और प्रदेश की खुशहाली का संदेश दिया।महावीर मंदिर में पूजा के दौरान पिता-पुत्र की मौजूदगी ने भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा बटोरी। हालांकि यह कार्यक्रम पूरी तरह धार्मिक और निजी रहा, लेकिन नीतीश कुमार के साथ उनकी मौजूदगी को लेकर समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया।
निशांत कुमार ने पूजा के जरिए जहां अपनी आस्था व्यक्त की, वहीं बिहार के लोगों के अच्छे स्वास्थ्य और राज्य की तरक्की के लिए मंगलकामना की। जन्मदिन के मौके पर उन्हें मिल रही शुभकामनाओं के बीच समर्थकों में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
रिपोर्ट- अभिजीत सिंह