निशांत का नया अवतार, जदयू में शामिल होते ही थामा 'गन', शूटिंग रेंज में लगाया निशाना
हाल ही में जदयू की सदस्यता लेने के बाद निशांत कुमार की राजनीतिक सक्रियता बढ़ी है। उनके पार्टी में शामिल होने को बिहार की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।
Nishant : बिहार की राजनीति में हाल ही में सक्रिय हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार इन दिनों अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं। जनता दल (यूनाइटेड) की सदस्यता लेने के बाद निशांत की सक्रियता लगातार बढ़ती दिखाई दे रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को वह अपने पैतृक गांव नालंदा जिले के कल्याणबीघा स्थित इंडोर शूटिंग रेंज पहुंचे, जहां उन्होंने निशानेबाजी का अभ्यास किया और मौजूद युवा खिलाड़ियों से बातचीत की।
शूटिंग रेंज में निशांत ने राष्ट्रीय स्तर के युवा निशानेबाजों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें कड़ी मेहनत करने और बिहार का नाम देश-दुनिया में रोशन करने के लिए प्रेरित किया। सादगी और सहज स्वभाव के लिए जाने जाने वाले निशांत का यह अंदाज वहां मौजूद लोगों को काफी पसंद आया। स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों के साथ उनका संवाद और प्रोत्साहन चर्चा का विषय बना रहा।
दरअसल, हाल ही में जदयू की सदस्यता लेने के बाद निशांत कुमार की राजनीतिक सक्रियता बढ़ी है। उनके पार्टी में शामिल होने को बिहार की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया है। राजनीतिक हलकों में इसे भविष्य की संभावित जिम्मेदारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
जदयू में शामिल होने के बाद निशांत ने अपने शुरुआती बयानों में यह संकेत दिया है कि वह पार्टी के कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच जाकर काम करना चाहते हैं। उन्होंने कहा है कि उनका प्रयास रहेगा कि संगठन को मजबूत किया जाए और युवाओं के साथ संवाद बढ़ाया जाए।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि निशांत कुमार की यह सक्रियता आने वाले समय में जदयू की राजनीति में उनकी भूमिका को लेकर नए संकेत दे सकती है। फिलहाल वह सामाजिक और युवाओं से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेकर अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।