भाजपा प्रदेश कार्यालय में नितिन अभिषेक ने संभाला प्रदेश महामंत्री का पदभार, वैदिक मंत्रोच्चार और हवन के साथ की शुरुआत

भारतीय जनता पार्टी बिहार प्रदेश के नवनियुक्त महामंत्री नितिन अभिषेक ने आज प्रदेश कार्यालय में वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और हवन के बीच विधिवत अपना पदभार ग्रहण कर लिया

भाजपा प्रदेश कार्यालय में नितिन अभिषेक ने संभाला प्रदेश महाम
नितिन अभिषेक ने संभाला प्रदेश महामंत्री का पदभार- फोटो : वंदना शर्मा

Patna : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बिहार प्रदेश के नव-नियुक्त महामंत्री नितिन अभिषेक ने आज पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में विधिवत रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने से पहले कार्यालय में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा-अर्चना और हवन का आयोजन किया गया। इस गौरवमयी और आध्यात्मिक माहौल के बीच उन्होंने अपनी नई सांगठनिक पारी की शुरुआत की। इस पावन अवसर पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, प्रदेश पदाधिकारी और भारी संख्या में उत्साहित कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने उन्हें फूलों का गुलदस्ता भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए बधाई व शुभकामनाएं दीं।


पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और केंद्रीय मंत्रियों का जताया आभार

अपनी इस नई और महत्वपूर्ण सांगठनिक जिम्मेदारी को संभालने के बाद प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का विशेष रूप से आभार जताया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, वे उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे।


मगध और शाहाबाद क्षेत्र का मिला प्रभार, बूथ स्तर पर मजबूती का लक्ष्य

वहीं 'न्यूज़ 4नेशन' से खास बातचीत के दौरान नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री ने अपनी प्राथमिकताओं को साझा किया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जहाँ एक साधारण कार्यकर्ता के काम पर विश्वास जताकर इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी जाती है। नितिन अभिषेक ने बताया कि पार्टी ने उन्हें मगध और शाहाबाद जैसे राजनैतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण क्षेत्रों का सांगठनिक प्रभारी बनाया है। उनका मुख्य फोकस आगामी दिनों में पार्टी संगठन को हर गांव और बूथ स्तर तक ले जाकर अभेद्य और मजबूत बनाना है।


प्रधानमंत्री के नेतृत्व और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प

सांगठनिक लक्ष्यों पर बात करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व, देश कल्याण की योजनाओं और भाजपा की अंत्योदय की विचारधारा को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना ही उनकी मुख्य प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वे पूरी निष्ठा, कर्मठता और समर्पण के साथ दिन-रात कार्य करेंगे ताकि संगठन का जनाधार और व्यापक हो सके।


कार्यकर्ताओं को बताया संगठन की सबसे बड़ी पूंजी और असली ताकत

अपने संबोधन के अंत में नितिन अभिषेक ने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक दल में कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी पूंजी और असली ताकत होते हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं के पसीने और मेहनत की बदौलत ही आज देश की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बिहार के समर्पित कार्यकर्ताओं के सहयोग, समन्वय और सामूहिक प्रयासों के बल पर भारतीय जनता पार्टी को राज्य में एक नई राजनैतिक ऊंचाई पर पहुंचाया जाएगा।


वंदना की रिपोर्ट