जदयू प्रदेश कार्यालय पहुंचे नीतीश कुमार : व्यवस्थाओं का लिया जायजा, कर्मियों से किया सीधा संवाद
मुख्यमंत्री का पद छोड़ने के बाद से नीतीश कुमार अब अपना पूरा ध्यान अपनी पार्टी के उपर केन्द्रित किए हुए है। वे आए दिन पटना स्थित प्रदेश कार्यालय का दौरा कर वहां का जायजा लेते रहते है। इसी कड़ी में आज एकबार फिर वे अचानक पार्टी कार्यालय पहुंचे.....
Patna : पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार अचानक पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय पहुंचे। उनके इस औचक निरीक्षण से कार्यालय परिसर में मौजूद पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और कर्मचारियों के बीच अचानक हलचल तेज हो गई। मुख्यमंत्री ने पूरे कार्यालय परिसर का घूम-घूम कर जायजा लिया और वहां की व्यवस्थाओं को देखा।
कार्यालय के कर्मियों से की बात, जाना हाल-चाल
निरीक्षण के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कार्यालय में तैनात विभिन्न विभागों के कर्मियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने उनके कामकाज और कार्यालय की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली। राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपने बीच पाकर कर्मी काफी उत्साहित नजर आए और उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के समक्ष कार्यालय से जुड़े अनुभवों को साझा किया।
'हम यहां सब कुछ बनवा दिए हैं, कोई दिक्कत नहीं है': नीतीश कुमार
कर्मियों से बातचीत करते हुए जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने संतोष व्यक्त किया और ढांचागत सुविधाओं का जिक्र करते हुए कहा, "हम यहां पर सब कुछ बनवा दिए हैं, अब किसी को कोई दिक्कत नहीं है।" उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी कार्यालय में काम करने वाले हर व्यक्ति और आने वाले कार्यकर्ताओं की सुविधाओं का पूरा ख्याल रखा गया है।
साफ-सफाई पर विशेष ध्यान, शौचालय का भी किया निरीक्षण
उन्होंने परिसर में स्वच्छता के स्तर को बारीकी से परखा। इसी क्रम में वे कार्यालय के शौचालय ब्लॉक तक गए और खुद वहां का निरीक्षण किया। उन्होंने देखा कि शौचालय पूरी तरह साफ-सुथरा है या नहीं। नीतीश कुमार ने इस दौरान वहां मौजूद प्रबंधकों को परिसर की स्वच्छता को लेकर हमेशा सजग रहने और इसे बरकरार रखने के कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद पार्टी पदाधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
कार्यालय का पूरा मुआयना करने के बाद नीतीश कुमार ने मौजूद पार्टी पदाधिकारियों के साथ संक्षिप्त चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यालय में आने वाले कार्यकर्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इस औचक निरीक्षण के दौरान उनके साथ कई वरिष्ठ नेता और सुरक्षा अधिकारी भी मौजूद रहे।
नरोत्तम की रिपोर्ट