Bihar News: नगर विकास विभाग में सख्ती का एक्शन मोड, शिकायतों के त्वरित निपटारे का मंत्री नीतीश मिश्रा ने दिया सख्त निर्देश, अब लापरवाही पर गिरेगी गाज

Bihar News: नगर विकास एवं आवास विभाग में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन को मजबूत करने के लिए विभागीय स्तर पर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।..

Nitish Mishra
नगर विकास विभाग में सख्ती का एक्शन मोड- फोटो : social Media

Bihar News: नगर विकास एवं आवास विभाग में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन को मजबूत करने के लिए  विभागीय स्तर पर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंत्री नीतीश मिश्रा ने की, जिसमें आरोप, शिकायत एवं निगरानी से जुड़े लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक के दौरान मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा एवं विधान परिषद के जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजी गई शिकायतें सीधे जनता की समस्याओं से जुड़ी होती हैं, इसलिए इनके निपटारे में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि शिकायत निवारण प्रक्रिया के लिए एक स्पष्ट एवं प्रभावी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार की जाए और उसका सख्ती से अनुपालन हो, ताकि हर मामले का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि शिकायतों की जांच प्रक्रिया को फास्ट ट्रैक मोड में चलाया जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियम संगत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मंत्री ने दो टूक कहा कि विभाग में भ्रष्टाचार, अनियमितता और लापरवाही के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी। किसी भी स्तर पर गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि जहां शिकायतें असत्य या आधारहीन साबित हों, वहां ईमानदार अधिकारियों के हितों की रक्षा करना भी विभाग की जिम्मेदारी है, ताकि कार्य संस्कृति प्रभावित न हो।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अच्छे कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, क्योंकि सुशासन केवल कार्रवाई नहीं बल्कि संतुलन और प्रेरणा का भी नाम है। मंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाते हुए जनता एवं जनप्रतिनिधियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करें।इस बैठक को विभागीय कार्यप्रणाली में जवाबदेही और पारदर्शिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।