Bihar Politics: तेजस्वी यादव के बयान पर भड़के NDA के बड़े नेता, नित्यानंद राय और उपेंद्र कुशवाहा ने क्या कहा जानिए
Bihar Politics: तेजस्वी यादव ने बिहार चुनाव 2025 को लोकतंत्र की हत्या और मशीनरी की जीत करार दी है। जिसके बाद एनडीए के तमाम नेता उनको विरोध कर रहे हैं। एनडीए के नेताओं ने तेजस्वी यादव पर जबरदस्त हमला बोला है।
Bihar Politics: केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने तेजस्वी यादव के आरोपों पर जबरदस्त हमला बोला है। दरअसल, बिहार चुनाव में मिली करारी हार के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पहली बार किसी मीडिया चैनल से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बीजेपी और चुनाव एजेंसियों पर आरोप लगाया। तेजस्वी ने कहा कि लोकतंत्र की हत्या हुई है और मशीनरी की जीत हुई है। वहीं तेजस्वी के इस बयान पर सत्ता पक्ष के नेता पलटवार कर रहे हैं।
नित्यानंद राय का जोरदार हमला
इसी कड़ी में नित्यानंद राय ने तेजस्वी यादव पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने तेजस्वी यादव पर सीधे निशाना साधते हुए कहा कि इनका कोई आदमी इन्हें वोट क्यों दे? आप भ्रष्टाचार के आरोपित हैं, आपके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल है। जिस व्यक्ति के दामन पर इस तरह के दाग हों, जनता उस पर भरोसा क्यों करेगी?
जनता किसी के भ्रम में नहीं आने वाली
नित्यानंद राय ने तेजस्वी पर घुसपैठियों को वोट दिलाने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता अब समझ चुकी है और किसी भ्रम में नहीं आने वाली। साथ ही केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हार के बाद तेजस्वी यादव बिहार छोड़कर चले गए। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि अब तो जब भी आएंगे, तरह–तरह के बहाने बनाएंगे और कहेंगे कि हमें हराया गया। लेकिन जनता सब जानती है।
तेजस्वी की खिसक गई है जमीन
वहीं एनडीए के राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने भी जबरदस्त हमला बोला। उन्होंने कहा कि, ऐसे आरोप पूरी तरह अनुचित और बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि तेजस्वी की जमीन खिसक गई है, इसलिए इस तरह की बातें कर रहे हैं। यदि संदेह है तो गांवों में घूमकर देखिए, लोगों से बात कीजिए, सब समझ आ जाएगा। लेकिन चुनाव प्रक्रिया पर इस तरह के आरोप नहीं लगाने चाहिए।