पटनासिटी में जलजमाव पर फूटा गुस्सा, सड़क पर आगजनी और प्रदर्शन

पटना सिटी के चौक थाना क्षेत्र के आसपास के इलाकों में पिछले कई दिनों से जल जमाव की मार झेल रहे लोगों का सब्र बुधवार को जवाब दे गया और वे सड़क पर उतर आए। लोगों ने मुख्य मार्ग जामकर कर दिया और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.....

पटनासिटी में जलजमाव पर फूटा गुस्सा, सड़क पर आगजनी और प्रदर्श
जल जमाव के विरोध में प्रदर्शन- फोटो : रजनीश

Patna : राजधानी पटना के चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगल तालाब के पास जलजमाव की गंभीर समस्या से त्रस्त स्थानीय लोगों का गुस्सा बुधवार को सड़क पर फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और टायर जलाकर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे इलाके में आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।


घरों और सड़कों पर भरा नाले का पानी

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नाले का गंदा पानी लगातार उनके घरों और आसपास की सड़कों पर जमा हो रहा है। यह क्षेत्र पटना नगर निगम के वार्ड संख्या 62 और वार्ड संख्या 66 की सीमा पर स्थित है, जहां लंबे समय से जलजमाव की समस्या बनी हुई है, लेकिन इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।


मेयर और पार्षदों से गुहार के बाद भी मिला सिर्फ आश्वासन

स्थानीय लोगों के मुताबिक समस्या के समाधान के लिए दोनों वार्डों के पार्षदों के साथ-साथ पटना की मेयर और डिप्टी मेयर से कई बार मुलाकात कर लिखित आवेदन दिया जा चुका है। इसके बावजूद जनता का आरोप है कि उन्हें अब तक सिर्फ कोरे आश्वासन ही मिले हैं और धरातल पर कोई सुधार नहीं हुआ है।


विधायक और अधिकारियों के निरीक्षण के बाद भी नहीं मिली राहत

लोगों के अनुसार पटना साहिब के विधायक रत्नेश कुमार और नगर निगम के कई अधिकारी समय-समय पर मौके का निरीक्षण कर चुके हैं। अधिकारियों द्वारा निरीक्षण के बाद समस्या के समाधान का भरोसा तो दिया गया, लेकिन जलजमाव से अब तक कोई स्थायी राहत नहीं मिलने से लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है।


नागरिक संघर्ष मोर्चा के बैनर तले धरना, लिखित आश्वासन पर अड़े लोग

बुधवार को 'नागरिक संघर्ष मोर्चा' के बैनर तले स्थानीय लोग धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर जलजमाव की समस्या के समाधान को लेकर लिखित आश्वासन नहीं देते, तब तक उनका यह विरोध प्रदर्शन और धरना जारी रहेगा।


रजनीश की रिपोर्ट