Bihar News : बिहार में शराबबंदी के खिलाफ सख्त अभियान, हर दिन 36 सौ से अधिक हो रही छापेमारी, सितंबर में करीब 6 लाख लीटर जब्त हुआ शराब
Bihar News : बिहार में मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के अनुसार सितंबर माह में औसतन प्रतिदिन 3,600 से अधिक छापेमारी की गई है। जिसमें 10 हजार लोगों को गिरफ्तार किया गया है.....पढ़िए आगे
PATNA : बिहार में मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग द्वारा चलाए जा रहे शराब विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, सितंबर माह में औसतन प्रतिदिन 3,600 से अधिक छापेमारी की गई। पूरे महीने में कुल 1 लाख 7 हजार से अधिक स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया, जिसके परिणामस्वरूप करीब 9,300 मामले (अभियोग) दर्ज किए गए और 10 हजार से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार किए गए लोगों में 7,461 व्यक्तियों को शराब के सेवन के आरोप में पकड़ा गया, जबकि 3,200 से अधिक गिरफ्तारियाँ शराब के अवैध निर्माण, भंडारण और बिक्री से जुड़े मामलों में की गईं। विभाग की इस त्वरित और व्यापक कार्रवाई से राज्य में शराब के अवैध नेटवर्क पर बड़ा प्रहार हुआ है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस और उत्पाद विभाग की टीमों ने कुल 5 लाख 87 हजार 618 लीटर शराब जब्त की। जब्त की गई खेप में 4 लाख 17 हजार लीटर अवैध देशी शराब, 4,600 लीटर स्पिरिट और 1 लाख 65 हजार 360 लीटर विदेशी शराब शामिल है, जिसे नष्ट करने और नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इसके अलावा, शराब की तस्करी और अवैध परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे 982 वाहनों को भी जब्त किया गया है। इनमें 683 दोपहिया वाहन, 83 तिपहिया वाहन, 185 चारपहिया वाहन और 31 बड़े व्यापारिक वाहन शामिल हैं। वाहनों की बड़ी संख्या में जब्ती से तस्करों के परिवहन नेटवर्क को भारी नुकसान पहुँचा है। मद्य निषेध विभाग के अनुसार, राज्य में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए यह सघन अभियान आगे भी इसी तीव्रता के साथ जारी रहेगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और सेवन में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।