पटना: पालीगंज में क्रिकेट खेलते समय गिरा ठनका, 14 वर्षीय बच्चे कि दर्दनाक मौत से कोहराम

पटना के पालीगंज से बेहद दर्दनाक खबर! सिंगोड़ी थाना क्षेत्र के जरखा गांव में शुक्रवार सुबह तेज बारिश के दौरान क्रिकेट खेल रहे किशोर निखिल कुमार की आकाशीय बिजली (वज्रपात) की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है

Lightning strike in Paliganj Patna
पालीगंज में क्रिकेट खेलते समय गिरा ठनका, 14 वर्षीय बच्चे कि दर्दनाक मौत से कोहराम - फोटो : Reporter

पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां सिंगोड़ी थाना क्षेत्र के जरखा गांव में शुक्रवार की सुबह आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने से एक किशोर की असमय मौत हो गई। इस दुखद हादसे के बाद से जरखा गांव सहित पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक किशोर की पहचान गांव के ही रहने वाले अमोद कुमार राम के पुत्र निखिल कुमार के रूप में हुई है।

खेल के मैदान में ही काल बनकर गिरी बिजली

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह जरखा गांव के कुछ बच्चे और किशोर गांव के ही एक मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। इसी बीच अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश और मेघ गर्जन (बादलों की गड़गड़ाहट) शुरू हो गई। अभी बच्चे कुछ समझ पाते और सुरक्षित स्थान की ओर भागते, इसी दौरान आसमान से जोरदार गर्जन के साथ आकाशीय बिजली सीधे खेल के मैदान में आ गिरी।

मौके पर ही तोड़ा दम, परिजनों में मचा कोहराम

आकाशीय बिजली की सीधी चपेट में आने के कारण निखिल कुमार गंभीर रूप से झुलस गया और उसने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। मैदान में मौजूद अन्य साथियों ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों और परिजनों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। निखिल का निष्प्राण शरीर देख माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे परिवार में इस वज्रपात से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस और प्रशासन को दी गई सूचना, आपदा मुआवजे की मांग

घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों द्वारा सिंगोड़ी थाना पुलिस और अंचल प्रशासन को इस हादसे की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की। वहीं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग के तहत मिलने वाली उचित मुआवजा राशि जल्द से जल्द मुहैया कराने की मांग की है।