बिहार पुलिस को मिले 227 नए रणबांकुरे, जवानों की ऐतिहासिक पासआउट परेड में खाकी का नया जोश

SSB, बगहा में प्रशिक्षित बिहार पुलिस के 227 नवआरक्षियों का पासआउट परेड अनुशासन और जोश का अनुपम उदाहण बना जिसमें सलामी, संकल्प और सम्मान का अनूठा मेल रोमांचित करने वाला रहा.

Passing out parade of Bihar Police
Passing out parade of Bihar Police- फोटो : news4nation

Bihar Police : 65वीं वाहिनी SSB, बगहा में बुधवार को ऐसा नजारा दिखा, जिसने हर किसी के चेहरे पर गर्व ला दिया। महीनों की कठिन ट्रेनिंग के बाद बिहार पुलिस के 227 नवआरक्षियों ने पासआउट परेड में हिस्सा लिया। SSB के प्रशिक्षकों द्वारा तैयार किए गए इन जवानों ने परेड ग्राउंड में दमदार मार्च पास्ट, सटीक ड्रिल और हथियार संचालन का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रशिक्षण रहा ख़ास

जुलाई 2025 से शुरू हुई ट्रेनिंग के दौरान जवानों को सिर्फ शारीरिक रूप से मजबूत नहीं बनाया गया, बल्कि उन्हें हर परिस्थिति में काम करने के लिए तैयार किया गया। SSB की ओर से अनुशासन, आपदा प्रबंधन, हथियार संचालन, पब्लिक डीलिंग और फिटनेस की ट्रेनिंग दी गई, जबकि बिहार पुलिस अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की बारीकियां सिखाईं।


ईमानदारी और समर्पण के साथ सेवा

पासआउट परेड में जवानों का जोश और तालमेल देखते ही बन रहा था। एक साथ उठते कदम और मैदान में गूंजती कमांड यह बता रही थी कि बिहार पुलिस को अब नई ऊर्जा मिल चुकी है। मुख्य अतिथि बिहार पुलिस की महानिरीक्षक अनुसूया रणसिंह साहू ने कहा कि वर्दी सिर्फ पहचान नहीं, बल्कि जनता के भरोसे की जिम्मेदारी है। उन्होंने जवानों को ईमानदारी और समर्पण के साथ सेवा करने की प्रेरणा दी।


माता-पिता के लिए गर्व का क्षण

समारोह का सबसे खास पल तब आया, जब परेड ग्राउंड में बैठे माता-पिता ने अपने बेटों को जवान बनते देखा। किसी ने मोबाइल में वह पल कैद किया, तो किसी की आंखें गर्व से भर आईं। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को सम्मानित किया गया। SSB की ट्रेनिंग से तैयार हुए ये 227 नए जवान अब बिहार पुलिस की ताकत बनकर राज्य की सुरक्षा संभालेंगे।

धीरज पाराशर की रिपोर्ट