Pradhan Mantri Ujjwala Yojana:मुफ्त गैस कनेक्शन की कतार में खड़ी महिलाओं का इंतजार हुआ खत्म, बिहार की 25 लाख बहनों को मुफ्त गैस कनेक्शन, उज्ज्वला की सियासी लौ तेज

Pradhan Mantri Ujjwala Yojana: बिहार की करीब 10 लाख महिलाओं के इंतजार को विराम देते हुए केंद्र सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। ....

Free gas connection to 25 lakh sisters of Bihar
बिहार की 25 लाख बहनों को मुफ्त गैस कनेक्शन- फोटो : reporter

Pradhan Mantri Ujjwala Yojana: बिहार की सियासत में रसोई से उठती लौ ने नया रंग भर दिया है। मुफ्त गैस कनेक्शन की कतार में खड़ी करीब 10 लाख महिलाओं के इंतजार को विराम देते हुए केंद्र सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने इस वित्तीय वर्ष में बिहार को 25 लाख प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के गैस कनेक्शन की स्वीकृति दे दी है। इसे गरीब परिवारों की रसोई में “इंकलाबी कदम” माना जा रहा है।

यह कनेक्शन बीपीएल परिवारों को दिया जाएगा, जो अब तक लकड़ी, उपले और कोयले के धुएं में जिंदगी गुजारने को मजबूर थे। मंत्रालय ने न सिर्फ राज्य सरकार को, बल्कि तमाम गैस कंपनियों को भी निर्देश जारी कर दिए हैं कि प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। मंजूरी के बाद खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के विशेष सचिव उपेंद्र कुमार ने सभी जिलों को आदेश भेजकर कहा है कि पात्र लाभार्थियों तक कनेक्शन पहुंचाने में कोई कोताही न बरती जाए।

सियासी गलियारों में इसे बड़ा तोहफा बताया जा रहा है। जानकारों की मानें तो मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान उजागर हुए आंकड़ों जहां 10 लाख आवेदन लंबित होने की बात सामने आई ने इस फैसले की रफ्तार तेज की। राज्य सरकार ने केंद्र से दरख्वास्त की थी कि योग्य महिलाओं को तुरंत गैस कनेक्शन आवंटित किए जाएं।

विशेष सचिव ने साफ कहा है कि प्रक्रिया को और आसान बनाया जाए, ताकि कोई भी हकदार महिला महरूम न रहे। इसके लिए जिला उज्ज्वला समितियां गठित हैं, जो आवेदन की जांच कर कनेक्शन सुनिश्चित करेंगी। साथ ही लाभार्थियों को योजना के फायदे स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के बारे में जागरूक किया जा रहा है।

सियासत की बिसात पर यह कदम अहम माना जा रहा है। जहां एक ओर यह गरीब परिवारों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने का दावा करता है, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक तौर पर भी नई ऊर्जा भरने का संदेश देता है। अब देखना होगा कि उज्ज्वला की यह लौ बिहार की राजनीति में कितना उजाला करती है।