Bakhtiyarpur Police attack: बिहार में शराब माफियाओं का आतंक! शराब छापेमारी करने गई टीम पर हमला, पुलिसकर्मी घायल

Bakhtiyarpur Police attack: पटना के बख्तियारपुर में शराब मामले में छापेमारी करने गई उत्पाद विभाग की टीम पर हमला हुआ। पथराव में दो पुलिसकर्मी और एक ड्राइवर घायल हो गए।

Bakhtiyarpur Police attack
पटना में रेड के दौरान हंगामा- फोटो : news4nation

Bakhtiyarpur Police attack: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के रानीसराय इलाके में उत्पाद विभाग की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में दो पुलिसकर्मी और एक ड्राइवर घायल हो गए हैं।जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर शाम उत्पाद विभाग की टीम शराब मामले में एक नामजद आरोपी को पकड़ने के लिए रानीसराय पहुंची थी। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने अचानक टीम पर हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पथराव में विभाग की कई गाड़ियों के शीशे टूट गए और वाहनों को नुकसान पहुंचा।इस हमले में दो पुलिसकर्मी और एक ड्राइवर घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

बख्तियारपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज 

उत्पाद विभाग की तरफ से इस मामले में बख्तियारपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और हमले में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बाढ़ से रविशंकर कुमार की रिपोर्ट