पटना-बख्तियारपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: बाबाधाम से लौट रही कांवरिया बस क्रेन से टकराई, 1 की मौत, 1 घायल

पटना-बख्तियारपुर हाईवे पर बाबाधाम से दर्शन कर लौट रहे कांवरियों की बस खुसरूपुर के पास हाइड्रा (क्रेन) से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में छपरा के 28 वर्षीय युवा कांवरिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 60 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हैं।

Patna Bakhtiyarpur Highway Babadham Kanwariya Accident
पटना बख्तियारपुर हाईवे पर बाबाधाम से लौट रही कांवरिया बस क्रेन से टकराई- फोटो : Reporter

पटना के फोरलेन पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाबाधाम से दर्शन कर लौट रहे कांवरियों की खुशियां मातम में बदल गईं। खुसरूपुर थाना क्षेत्र स्थित लोटस वेयरहाउस के पास कांवरियों से भरी एक बस की हाईवे पर हाइड्रा (क्रेन) से भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। इस भयानक दुर्घटना में एक कांवरिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य बुजुर्ग कांवरिया गंभीर रूप से घायल हो गए।


छपरा के श्रद्धालुओं का जत्था जा रहा था गांव

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छपरा (सारण) जिले के विभिन्न इलाकों से करीब 30 कांवरियों का एक जत्था बस में सवार होकर बाबाधाम देवघर में पूजा-अर्चना करने गया था। देवघर से दर्शन-पूजन करने के बाद सभी श्रद्धालु राजगीर भ्रमण करते हुए वापस अपने गांव लौट रहे थे। हालांकि, अपने गंतव्य तक पहुंचने से ठीक पहले पटना-बख्तियारपुर हाईवे पर खुसरूपुर और फतुहा थाना क्षेत्र की सीमा के पास यह दर्दनाक हादसा घटित हो गया।


एक की मौके पर ही मौत, बुजुर्ग की हालत नाजुक

हादसे में जान गंवाने वाले कांवरिया की पहचान छपरा जिले के रसूलपुर (ग्यासपुर, तेहटी) निवासी 28 वर्षीय शिवपूजन राय के रूप में हुई है, जिनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, छपरा के ही अमनौर थाना क्षेत्र के कासिमपुर गांव निवासी 60 वर्षीय राजदेव सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल राजदेव सिंह को त्वरित प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।


दुर्घटना के बाद मौके पर मची चीख-पुकार

हादसा होते ही बख्तियारपुर-पटना मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। बस के अंदर फंसे कांवरियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। स्थानीय निवासियों ने त्वरित तत्परता दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा बस में फंसे अन्य यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस को घटना की सूचना दी।

आक्रोशित लोगों ने किया हाईवे जाम, यातायात ठप

घटना से दुखी और आक्रोशित कांवरियों तथा स्थानीय लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त बस को हाईवे पर ही खड़ा करके अपना विरोध जताया। इस कारण पटना-बख्तियारपुर मुख्य मार्ग पर गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। देखते ही देखते हाईवे पर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं और लगभग दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस की मुस्तैदी से शांत हुआ मामला, आवागमन बहाल

हादसे और सड़क जाम की खबर मिलते ही खुसरूपुर थाना पुलिस की टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित कांवरियों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद क्रेन और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर हाईवे पर यातायात को पुनः सुचारू रूप से बहाल कराया गया।

पटनासिटी से रजनीश की रिपोर्ट