Patna Bihta Missing News: बिहटा और आईआईटी अम्हारा से दो स्कूली बच्चे लापता, थानों में आवेदन दर्ज
पटना जिले के बिहटा और आईआईटी अम्हारा थाना क्षेत्र से दो स्कूली छात्र-छात्रा के रहस्यमय तरीके से गायब होने की खबर सामने आई है। दोनों छात्र घर से कोचिंग पढ़ने के लिए निकले थे, लेकिन पिछले 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है। इस घटना के बाद से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों ने स्थानीय थानों में लापता होने का आवेदन दिया है।
पहली घटना: कोचिंग गई 17 वर्षीय छात्रा इंदु कुमारी गायब
लापता होने का पहला मामला आईआईटी अम्हारा थाना क्षेत्र के राजपुर गांव का है। यहाँ की रहने वाली 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा इंदु कुमारी कल सुबह अपने घर से बिहटा के गुलटेरा बाजार स्थित कोचिंग के लिए निकली थी, लेकिन अब तक घर नहीं लौटी है।छात्रा की मां कविता देवी ने बताया कि उनकी बेटी रोजाना की तरह कल भी सुबह कोचिंग के लिए घर से निकली थी और वहां पहुंची भी थी, लेकिन उसके बाद वह घर वापस नहीं आई। आसपास और सभी रिश्तेदारों के यहाँ पता लगाने के बाद भी जब कुछ पता नहीं चल सका, तो शुक्रवार की शाम स्थानीय थाने में गुमशुदगी का आवेदन दिया गया।
दूसरी घटना: चीनी मिल रोड से छात्र विपिन कुमार भी लापता
गुमशुदगी की दूसरी घटना बिहटा थाना क्षेत्र की है। यहाँ बिहटा चीनी मिल रोड में एक किराए के मकान में रहने वाले अरुण महतो का 17 वर्षीय पुत्र विपिन कुमार भी कल से लापता है। वह भी सुबह घर से कोचिंग जाने के लिए निकला था, लेकिन अब तक घर नहीं पहुंचा है।
24 घंटे से मोबाइल फोन भी आ रहा है बंद
परिजनों के लिए सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि लापता छात्र विपिन कुमार के पास मोबाइल फोन भी है, लेकिन घटना के बाद से ही उसका फोन लगातार बंद (स्विच ऑफ) आ रहा है। देर रात तक विपिन का कोई सुराग न मिलने के बाद परेशान पिता ने बिहटा थाने में आवेदन देकर पुलिस से बेटे की सुरक्षित बरामदगी की गुहार लगाई है। पुलिस दोनों मामलों को दर्ज कर जांच में जुट गई है।
रिपोर्ट- सुमित कुमार