बिक्रम में मवेशी चोरों का तांडव: एक ही रात में 3 घरों से 10 भैंस पार,गोरखरी में चोरों ने उड़ाया पुलिस का मजाक
पटना के बिक्रम थाना क्षेत्र के गोरखरी गांव में एक ही रात 9 गाभिन भैंस और एक बछड़े की चोरी। नगहर, दतियाना और मसौढ़ा तेलपा की पुरानी चोरियों का भी अब तक नहीं हुआ खुलासा। दहशत में ग्रामीण,जनता खुद कर रही रखवाली
पटना के बिक्रम प्रखंड अंतर्गत गोरखरी गांव में सोमवार की रात चोरों ने बड़ी दुस्साहसपूर्ण वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोरों ने एक ही रात में गांव के तीन अलग-अलग घरों से कुल 9 गाभिन भैंस और एक बछड़े की चोरी कर ली। जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब 1:00 से 2:00 बजे के बीच हुई। पीड़ितों में सुधन यादव, कमलेश यादव और मंटू यादव शामिल हैं। अचानक हुई इस बड़ी चोरी से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है और पशुपालकों के बीच अपने मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
खूंटे से गायब मिले पशु, रात भर मची अफरा-तफरी
ग्रामीणों ने बताया कि रात 12:00 बजे तक सभी मवेशी अपने खूंटे पर सुरक्षित बंधे थे। लेकिन जब रात करीब 1:30 बजे परिजनों की नींद खुली, तो मवेशियों को गायब पाकर उनके होश उड़ गए। शोर मचाने पर भारी संख्या में ग्रामीण जुटे और रात भर खोजबीन की गई, लेकिन चोरों का कहीं कोई सुराग नहीं मिला। चोरों ने चुन-चुन कर दुधारू और कीमती पशुओं को अपना निशाना बनाया है, जिससे इन गरीब किसान परिवारों के सामने अब रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

बिक्रम में बढ़ता क्राइम ग्राफ और पुलिस की विफलता
बिक्रम थाना क्षेत्र में चोरी की यह कोई पहली वारदात नहीं है। इससे पूर्व नगहर ग्राम में दो भैंसों की चोरी, दतियाना में मुकुंद कुमार के बंद घर में भीषण चोरी और मसौढा तेलपा में डौली कुमारी के घर हुई बड़ी चोरी की घटनाओं ने क्षेत्र को दहला रखा है। विडंबना यह है कि इनमें से किसी भी मामले का पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर सकी है। पुलिस की इस सुस्ती के कारण पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है और ग्रामीण अब अपनी संपत्ति की रक्षा के लिए रात-रात भर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं।

सीसीटीवी के सहारे जांच और ग्रामीणों का आक्रोश
घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और प्राथमिक जांच शुरू की। थानाध्यक्ष प्रभात कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है, हालांकि अभी तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस फिलहाल आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों के भागने के मार्ग का पता लगाया जा सके। दूसरी ओर, आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पुरानी और नई चोरियों का तत्काल उद्भेदन किया जाए और दोषियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए।