बिक्रम में बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट: हुड़दंगियों और सोशल मीडिया की अफवाहों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर!
आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने को लेकर थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक, हुड़दंग करने वालों और सोशल मीडिया पर भ्रामक या सांप्रदायिक अफवाह फैलाने वालों से पुलिस बेहद सख्ती से निपटेगी।
आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को बिक्रम थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। थानाध्यक्ष प्रभात कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और दोनों समुदायों के गणमान्य लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बैठक के दौरान आगामी त्योहार के मद्देनजर क्षेत्र में सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई।
हुड़दंगियों और सोशल मीडिया की अफवाहों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष प्रभात कुमार ने कहा कि बकरीद आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का त्योहार है। उन्होंने सभी नागरिकों से मिल-जुलकर इसे शांतिपूर्ण तरीके से मनाने और किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए चेतावनी दी कि पर्व के दौरान हुड़दंग करने वाले, कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक या सांप्रदायिक पोस्ट फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
अपर थानाध्यक्ष वरुण कुमार, एएसआई गोरेलाल कुमार और एएसआई यासीन अंसारी ने भी जनता से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने जानकारी दी कि बकरीद के अवसर पर थाना क्षेत्र की सभी प्रमुख मस्जिदों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस पदाधिकारियों के साथ सशस्त्र जवानों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजामों के साथ-साथ यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण पर भी पुलिस प्रशासन विशेष ध्यान देगा।

जनप्रतिनिधियों का मिला सहयोग का भरोसा, मूलभूत सुविधाओं पर भी हुई चर्चा
बैठक के दौरान स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का पूरा भरोसा दिलाया। उपस्थित लोगों ने पर्व के मद्देनजर साफ-सफाई, निर्बाध बिजली और पानी की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव रखे, जिस पर अधिकारियों ने आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर पूर्व मुखिया अनिल कुमार, सुशील कुमार, भाजपा नेता शशि भूषण शर्मा, महफूज आलम, अब्दुल खैर मियां सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे और बैठक बेहद सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।
रिपोर्ट - ऋषिकेश कुमार