पटना में भीषण चोरी: बिक्रम के दो बंद मकानों से लाखों के गहने और नकदी साफ, FSL जांच में जुटी

बिक्रम थाना क्षेत्र के मसौढ़ा तेलपा और असपुरा गांव में बंद घरों को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहनों और नकदी पर हाथ साफ किया। पीड़ित परिवार के अस्पताल और बाहर होने का फायदा उठाकर चोर छत के रास्ते घर में घुसे।

Bikram Theft Case
बिक्रम के दो गांवों में बड़ी चोरी, छत के रास्ते घुसे चोरों ने काटे ताले- फोटो : Reporter

पटना जिले के बिक्रम थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। अलग-अलग गांवों में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरों ने सोने-चांदी के गहने, नकदी और कीमती सामान समेटकर बड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। दोनों ही मामलों में चोरों ने घर खाली होने का फायदा उठाते हुए छत के रास्ते प्रवेश किया।


मसौढ़ा तेलपा गांव में छत के रास्ते घुसे चोर

पहला मामला बिक्रम के मसौढ़ा तेलपा गांव का है, जहां मन्नू कुमार उर्फ डबल कुमार के सूने घर को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने छत के रास्ते घर में प्रवेश किया और एक-एक करके पांच ताले काट दिए। इसके बाद अलमारियों और तिजोरियों को खंगालकर लाखों रुपये के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।


अस्पताल गया था पीड़ित परिवार

पीड़ित मन्नू कुमार ने बताया कि उनके छोटे भाई की पत्नी की डिलीवरी के सिलसिले में परिवार के सभी सदस्य पटना के एक अस्पताल गए हुए थे। गुरुवार को जब मन्नू घर लौटे और मुख्य दरवाजा खोला, तो कमरों के टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर दंग रह गए। चोरों ने उनके तीनों भाइयों के कमरों के ताले काटकर तलाशी ली थी।


20 भर सोने और कीमती सामान की चोरी

मसौढ़ा तेलपा की घटना में चोरों ने करीब 20 भर सोने के आभूषण, भारी मात्रा में चांदी के जेवर, कीमती बर्तन और महंगे कपड़े चोरी कर लिए। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए कुल सामान की कीमत लाखों रुपये में है, जिसका सटीक आकलन फिलहाल किया जा रहा है।


असपुरा गांव में बंद मकान से नकदी और सोने की सफाई

दूसरी घटना बिक्रम क्षेत्र के ही असपुरा गांव में सिद्धार्थ गौतम के घर हुई। पीड़ित परिवार पटना में किराए पर रहता है, जिसके कारण गांव का घर बंद पड़ा था। गुरुवार को जब सिद्धार्थ गांव पहुंचे तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। किसी तरह अंदर दाखिल होने पर पता चला कि छत के रास्ते घुसे चोरों ने 100 ग्राम सोना, 30 चांदी के सिक्के और 50 हजार रुपये नकद पार कर दिए हैं।


पुलिस और FSL की टीम जांच में जुटी

दोनों ही घटनाओं की सूचना मिलने के बाद स्थानीय बिक्रम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने असपुरा गांव में प्रभावित कमरों को सील कर दिया है, वहीं मसौढ़ा तेलपा गांव में भी छानबीन शुरू की गई। फिंगरप्रिंट्स और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को तैनात किया गया है। पुलिस का दावा है कि चोरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बिक्रम से ऋषिकेश की रिपोर्ट