पटना के बिक्रम में बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी:5 कमरों के ताले टूटे, जेवर व नकदी ले उड़े चोर
पटना जिले के बिक्रम थाना क्षेत्र के दनारा गांव में अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर, नकदी और कीमती सामान चुरा लिए। 28 जुलाई को घर लौटने पर वारदात का खुलासा हुआ।
पटना जिले के बिक्रम थाना क्षेत्र अंतर्गत दनारा गांव में अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी व कीमती सामानों की भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। पीड़ित आर्य सुमन (पिता लवलेश कुमार) ने बताया कि वह बीते 16 जुलाई 2026 को अपने परिवार के साथ गोला रोड, पटना स्थित दूसरे मकान पर गए हुए थे। इस दौरान गांव का घर पूरी तरह से बंद था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया।
28 जुलाई को घर लौटने पर हुआ वारदात का खुलासा
मंगलवार (28 जुलाई 2026) की दोपहर करीब 3:00 बजे जब आर्य सुमन अपने पिता के साथ दनारा स्थित गांव के घर लौटे, तो मुख्य दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश करते ही उनके होश उड़ गए। मकान के कुल 05 कमरों के ताले टूटे हुए थे और अंदर रखे अलमारी व बक्से का सारा सामान बिखरा पड़ा था। कमरे की हालत देखते ही परिजनों को समझ आ गया कि घर में भीषण चोरी हो चुकी है, जिसके बाद तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।
करीब ₹2.75 लाख से अधिक के जेवर, नकदी और कीमती सामान गायब
पीड़ित द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, चोरों ने घर से लगभग 2 लाख रुपये मूल्य का सोने का चैन और एक सोने की अंगूठी, 20 हजार रुपये मूल्य के चांदी के 05 सिक्के व 01 चांदी का कटोरी, 50 हजार रुपये नकद, पीतल के बर्तन और 15 पीस कीमती साड़ियां चुरा ली हैं। चोरी गए कुल सामान और नकदी का आकलन लाखों रुपये में किया जा रहा है।
पुलिस में मामला दर्ज, जांच में जुटी बिक्रम पुलिस
घटना के संबंध में पीड़ित आर्य सुमन ने बिक्रम थाना को लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों से पूछताछ करने की तैयारी कर रही है ताकि जल्द से जल्द चोरी गए सामान की बरामदगी की जा सके।
बिक्रम से ऋषिकेश की रिपोर्ट