Chhath Puja News: छठ से ठीक पहले पटना में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, मीना बाजार में गुड़ की दुकान सील

छठ महापर्व से पहले पटना सिटी के मीना बाजार में खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुड़ की दुकान पर छापेमारी की। बिना लाइसेंस और अमानक गुड़ मिलने पर सैंपल सील कर दुकान बंद कराई गई।

Patna food safety department raid Chhath
पटना में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन मीना बाजार में गुड़ की दुकान सील- फोटो : Reporter

पटना: लोक आस्था के महापर्व छठ को अब कुछ ही दिन शेष बचे हैं, ऐसे में राजधानी पटना में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री पर लगाम कसने के लिए अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में विभाग की एक विशेष टीम ने पटना सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मीना बाजार में स्थित एक गुड़ कारोबारी की दुकान पर अचानक छापेमारी की। इस औचक कार्रवाई से पूरे बाजार में हड़कंप मच गया और कई अन्य दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से खिसक गए।


अचानक पहुंची फूड विभाग की टीम से मचा हड़कंप

छठ महापर्व के मद्देनजर गुड़ की मांग बाजार में अत्यधिक बढ़ जाती है, जिसका फायदा उठाकर कई लोग गुणवत्ता से खिलवाड़ करते हैं। इसे देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मीना बाजार पहुँची और कारोबारी संजीव की दुकान पर दबिश दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से स्थानीय दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। विभाग की सख्ती को देख आसपास के कुछ दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें तुरंत बंद कर दीं।


बिना लाइसेंस के चल रहा था कारोबार, नमूने किए गए सील

छापेमारी के दौरान फूड इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि गुड़ कारोबारी संजीव के पास गुड़ की खरीद-बिक्री के लिए कोई वैध लाइसेंस नहीं पाया गया। इसके अलावा, दुकान में रखे गुड़ की गुणवत्ता (क्वालिटी) में भी अनियमितताएं नजर आईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीम ने दुकान में रखे गुड़ के नमूने (सैंपल) मौके पर ही सील कर लिए और आगे की जांच के लिए जब्त कर लिया।


जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई 

फूड इंस्पेक्टर ने स्पष्ट किया कि जब्त किए गए गुड़ के नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में आगे की कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल एहतियातन तौर पर कारोबारी की दुकान को बंद करा दिया गया है। विभाग की इस सख्त कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप है और इसे पर्व के दौरान लोगों की सेहत सुरक्षित रखने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।