पटनासिटी में दुस्साहस: सैलून कर्मी की गला रेतकर बेरहमी से हत्या, खेत में शव फेंक अपराधी फरार, इलाके में भारी आक्रोश

पटनासिटी के गोपालपुर थाना क्षेत्र में एक सैलून कर्मी पिंटू ठाकुर का शव खेत में मिला। गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी।

पटनासिटी में दुस्साहस: सैलून कर्मी की गला रेतकर बेरहमी से हत

Patna - गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर स्थित श्रीराम स्कूल के समीप शुक्रवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान शाहपुर वार्ड संख्या-6 निवासी कृष्णा ठाकुर के 32 वर्षीय पुत्र पिंटू ठाकुर के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना जंगल में आग की तरह फैल गई, जिसके बाद सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

काम पर जा रहे मजदूरों ने देखा शव

घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह तब हुई जब कुछ मजदूर खेतों की ओर काम करने जा रहे थे। उन्होंने झाड़ियों के पास एक युवक को बेसुध पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर पता चला कि युवक की मौत हो चुकी है। मजदूरों के शोर मचाने पर स्थानीय लोग और परिजन वहां पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं घटना के बाद से गांव में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।

सैलून से लौटते वक्त हत्या की आशंका

मृतक पिंटू ठाकुर पटना के नब्बे फीट इलाके में स्थित एक सैलून में काम करता था। परिजनों के अनुसार, वह गुरुवार को रोज की तरह काम पर गया था। आशंका जताई जा रही है कि देर शाम जब वह घर लौट रहा था, तभी सुनसान रास्ते का फायदा उठाकर अज्ञात अपराधियों ने उसे घेर लिया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को खेत में फेंक दिया गया।

गर्दन पर निशान और काला झोला बरामद

पुलिस को तलाशी के दौरान मृतक के शरीर पर संघर्ष के निशान मिले हैं। विशेष रूप से गर्दन पर गहरे खरोंच के निशान पाए गए हैं, जो गला घोंटने की ओर इशारा कर रहे हैं। घटनास्थल से पुलिस ने एक काले रंग का झोला भी बरामद किया है, जिसमें मृतक का कुछ निजी सामान बताया जा रहा है। पुलिस ने इसे साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए गोपालपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया। तकनीकी विशेषज्ञों ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समय का सटीक पता चल सकेगा।

जल्द गिरफ्तारी का पुलिस ने दिया भरोसा

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह आपसी रंजिश या लूटपाट के विरोध में की गई हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। पुलिस मृतक के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स और अंतिम बार मिले लोगों की जानकारी जुटा रही है। थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों और परिजनों को आश्वस्त किया है कि पुलिस अपराधियों के बेहद करीब है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

रिपोर्ट - रजनीश