पटना सिटी: जल्ला हनुमान मंदिर में कुक ने की आत्महत्या, कमरे में फंदा से झूलता मिला शव
पटना सिटी के बेगमपुर स्थित जल्ला हनुमान मंदिर में एक युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक बक्सर का रहने वाला था और मंदिर में कुक का काम करता था। पुलिस पारिवारिक विवाद के एंगल से मामले की जांच कर रही है।
Patna - : बाइपास थाना क्षेत्र के बेगमपुर स्थित प्रसिद्ध जल्ला हनुमान मंदिर (महावीर मंदिर) परिसर में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब वहां काम करने वाले एक युवक का शव फंदे से झूलता पाया गया। मृतक की पहचान बक्सर निवासी 32 वर्षीय राम मंगल राम के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ समय से मंदिर में कुक (रसोइया) के रूप में कार्यरत था।
मंदिर प्रबंधन ने दी पुलिस को सूचना
घटना की जानकारी तब हुई जब मंदिर प्रबंध समिति के सदस्यों और अन्य कर्मियों ने युवक को कमरे में फंदे से लटका हुआ देखा। आनन-फानन में इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया और पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर उसे पोस्टमार्टम के लिए NMCH भेज दिया है।
पारिवारिक विवाद की आशंका
पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जांच और आसपास के लोगों से मिली जानकारी के आधार पर यह प्रतीत होता है कि युवक ने पारिवारिक विवाद के कारण यह आत्मघाती कदम उठाया होगा। हालांकि, थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि मौत के सटीक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मृतक के परिजनों को बक्सर में सूचना भेज दी है। उनके आने और बयान दर्ज होने के बाद मामले में और स्पष्टता आएगी। फिलहाल पुलिस घटना के हर बिंदु पर बारीकी से तफ्तीश कर रही है। मंदिर परिसर जैसी पवित्र जगह पर सुसाइड की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी।
Report - rajnish