सिक्स लेन के नीचे पुलिस की बड़ी रेड: 16 चक्के के ट्रक से गांजा और शराब बरामद, ट्रक मालिक और बेटों समेत 5 गिरफ्तार
पटना के नदी थाना क्षेत्र में पुलिस ने सिक्स लेन पुल के नीचे से एक 16 चक्के वाले ट्रक को जब्त किया है। ट्रक से भारी मात्रा में गांजा और विदेशी शराब बरामद हुई है।
Patna - पटनासिटी के नदी थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सबलपुर स्थित सिक्स लेन पुल के नीचे एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने मौके से एक 16 चक्के वाला ट्रक जब्त किया है, जिसका उपयोग मादक पदार्थों की तस्करी के लिए किया जा रहा था। फतुहा डीएसपी अवधेश कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि तस्करों का यह गिरोह काफी समय से सक्रिय था और दूसरे राज्यों से खेप लाकर स्थानीय स्तर पर सप्लाई करता था।
भारी मात्रा में गांजा और विदेशी शराब बरामद
पुलिस की इस रेड के दौरान ट्रक से 10.25 किलो गांजा और 508 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही दियारा क्षेत्र का एक तस्कर करीब छह से सात क्विंटल गांजा और शराब की खेप एक सीमेंट लदे ट्रैक्टर पर अनलोड कर भागने में सफल रहा। पुलिस फरार तस्कर की पहचान कर चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
ट्रक मालिक और बेटों समेत पांच गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में मालसलामी थाना क्षेत्र के रिकाबगंज निवासी ट्रक मालिक कृष्णा राय, उसके दो बेटे सुमित कुमार और आकाश कुमार, विकास कुमार तथा सारण जिले का ट्रक चालक राजू कुमार शामिल है। पुलिस ने इनके पास से एक बुलेट बाइक और पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पकड़े न जाने के लिए वाकी-टॉकी का इस्तेमाल
जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि तस्कर पुलिस की निगरानी से बचने के लिए बेहद शातिर तरीका अपना रहे थे। ये लोग मोबाइल फोन के बजाय वाकी-टॉकी का इस्तेमाल कर रहे थे ताकि पुलिस इनकी लोकेशन ट्रैक न कर सके। बंगाल के मिदनापुर से ट्रक को सबलपुर लाने के दौरान लगातार वाकी-टॉकी से ही निर्देश दिए जा रहे थे। पुलिस ने मौके से तीन वाकी-टॉकी भी जब्त किए हैं।
बंगाल से दियारा तक फैला तस्करी का जाल
पुलिस के अनुसार, ट्रक मालिक और उसके बेटे बंगाल के मिदनापुर इलाके से गांजा और शराब की खेप लेकर आए थे। सबलपुर में दियारा क्षेत्र के मोहनपुर निवासी एक तस्कर से सौदा तय हुआ था। जैसे ही माल की अनलोडिंग शुरू हुई, पुलिस ने दबिश दी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है ताकि इस धंधे में शामिल अन्य सफेदपोशों और तस्करों तक पहुँचा जा सके।
Report - Rajnish