Patna Crime: नौबतपुर में जीविका दीदी को नशीला पदार्थ सुंघाकर ठगी, 32 हजार रुपये और गहने गायब

Patna Crime: पटना के नौबतपुर में बैंक जा रही जीविका दीदी बासमती देवी से कथित तौर पर नशीला पदार्थ सुंघाकर 32 हजार रुपये और सोने के गहने ले लिए गए। पुलिस जांच में जुटी है।

Patna Crime

Patna Crime: पटना जिले के नौबतपुर में बदमाशों ने एक जीविका दीदी को नशीला पदार्थ सुंघाकर 32 हजार रुपये और सोने के गहने ठग लिए। घटना शुक्रवार को भुसौला ओल्ड एनएच-139 पर बादीपुर से नौबतपुर के बीच हुई। पीड़िता बैंक में स्वयं सहायता समूह का पैसा जमा करने जा रही थीं। मामले में उन्होंने नौबतपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।


ई-रिक्शा में सवार हुए दो युवक


पीड़िता की पहचान बादीपुर निवासी सुभाष वर्मा की पत्नी बासमती देवी के रूप में हुई है। वह जीविका से जुड़े मां काली स्वयं सहायता समूह की कोषाध्यक्ष हैं। बासमती देवी समूह की सदस्यों से मिले पैसे बैंक ऑफ बड़ौदा की चिरौरा शाखा में जमा करने जा रही थीं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह बादीपुर पनशाला से ई-रिक्शा पर सवार हुई थीं। उस समय रिक्शे में उनके अलावा कोई यात्री नहीं था। कुछ दूर आगे जाने के बाद दो युवक ई-रिक्शा में चढ़े और उनके पास बैठ गए। दोनों ने उनसे पूछा कि वह कहां जा रही हैं। बासमती देवी ने बताया कि उन्हें चिरौरा बैंक जाना है।


होश आया तो गायब थे रुपये और गहने


बासमती देवी के अनुसार, दोनों युवकों ने जेब से मोबाइल जैसी दिखने वाली एक चीज निकाली। इसके बाद उन्हें कुछ याद नहीं रहा। थोड़ी देर बाद ई-रिक्शा चालक ने उन्हें नौबतपुर एसडीपीओ कार्यालय से कुछ पहले उतार दिया। उस समय उन्हें यह भी पता नहीं चला कि वह कहां हैं। कुछ देर बाद जब उन्हें होश आने लगा तो पता चला कि वह मोतीपुर पुल के पास सड़क किनारे बैठी हैं। उनके हाथ में रखे पॉलिथीन से 32 हजार रुपये गायब थे। उनके सोने के कान के गहने, मंगलसूत्र और जितिया भी नहीं मिले। पीड़िता किसी तरह घर पहुंचीं और बाद में परिवार के सदस्यों के साथ थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई।


पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही


नौबतपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नंदन कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आवेदन मिला है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है और घटना की छानबीन की जा रही है।

नौबतपुर से सुमित की रिपोर्ट