सावधान! पटना की सड़कों पर पुलिस की वर्दी में घूम रहा है यह खूंखार हत्यारा, देखें वायरल तस्वीर
जिसे आप पुलिस समझ रहे हैं, वो असल में हत्या और रंगदारी का कुख्यात अपराधी है! पटना की सड़कों पर काली स्प्लेंडर से फर्राटे भरते इस शख्स का नाम गौरी कुमार है। खाकी वर्दी के पीछे छिपे इस अंडरवर्ल्ड के चेहरे ने कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या आप यकीन करेंगे कि सूबे के सबसे सुरक्षित शहर यानी राजधानी पटना की सड़कों पर जिसे आप बावर्दी पुलिस वाला समझ रहे हैं, वह वास्तव में कोई कानून का रखवाला नहीं बल्कि एक अपराधी है? हत्या, लूट और रंगदारी जैसे जघन्य अपराधों का आरोपी यह शख्स इलाके का कुख्यात दबंग और अंडरवर्ल्ड का सबसे विख्यात चेहरा है।अगर आपको इस बात पर विश्वास नहीं हो रहा है, तो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस तस्वीर पर गौर फरमाइए।

रुआब के साथ फर्राटा भरता 'गौरी कुमार'
पूरे रुआब के साथ पुलिस की वर्दी पहने और काली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर सड़कों पर फर्राटे भरता यह शख्स कोई और नहीं, बल्कि पटना का कुख्यात अपराधी गौरी कुमार है। शहर के बेहद चर्चित और जघन्यतम हत्याकांडों में शामिल रहने के साथ-साथ हथियार सप्लायर के तौर पर भी गौरी की अपराध जगत में गहरी पैठ है। साथ ही शराब के अवैध धंधे में गहरी पैठ रखने वाला कथित तौर पर गौरी स्थानीय थाना कभी दुलरुआ है। इस तस्वीर के सामने आने के बाद से ही पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
कानून व्यवस्था पर खड़े हुए बड़े सवाल
एक तरफ जहाँ आम जनता पुलिस की वर्दी देखकर खुद को सुरक्षित महसूस करती है, वहीं दूसरी तरफ पटना की सड़कों पर एक अपराधी का सरेआम पुलिस की वर्दी में घूमना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है। सवाल यह उठता है कि आखिर एक शातिर अपराधी के पास पुलिस की आधिकारिक वर्दी, बैच और नेमप्लेट कहाँ से आई? क्या यह पुलिस को खुली चुनौती देने की साजिश है या फिर इसके पीछे कोई और बड़ी चाल है?
जांच के घेरे में खाकी का रसूख
गौरी कुमार द्वारा पुलिस की वर्दी का इस तरह इस्तेमाल किए जाने के बाद अब कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश में जुट गई है कि गौरी आखिर कैसे और क्यों पुलिस की वर्दी पहनकर घूम रहा था। क्या उसे कानून का कोई खौफ नहीं है, या फिर इस वर्दी के रसूख का इस्तेमाल वह किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने या पुलिस की नजरों से बचने के लिए कर रहा था? इस पूरे मामले ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बड़ा प्रश्नचिह्न लगा दिया है।