पटना में बड़ी कार्रवाई: महिला को ब्लैकमेल कर तेजाब फेंकने की धमकी दे शेर बन रहा युवक पुुलिस के सामने ढेर, पहुंचा जेल
पटना साइबर पुलिस ने फतुहा से राहुल मेहता को गिरफ्तार किया है, जो एक महिला के निजी वीडियो वायरल कर उसे पैसे के लिए ब्लैकमेल कर रहा था और तेजाब फेंकने की धमकी दे रहा था।
Patna - बिहार की राजधानी पटना में साइबर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक ऐसे शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है जो एक महिला के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल कर उसे और उसके परिवार को लगातार प्रताड़ित कर रहा था। फतुहा निवासी अभियुक्त राहुल कुमार मेहता के पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल और कई सिम कार्ड बरामद किए हैं।
ब्लैकमेलिंग और तेजाब हमले की धमकी
पटना साइबर थाना कांड संख्या 1833/25 के तहत दर्ज इस मामले में पीड़िता ने शिकायत की थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसके निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया व ईमेल के जरिए प्रसारित कर रहा है। आरोपी यहीं नहीं रुका; उसने पीड़िता और उसके परिजनों को ये वीडियो भेजकर मोटी रकम की मांग शुरू कर दी। पैसे न देने की स्थिति में आरोपी ने पीड़िता पर तेजाब फेंकने जैसी जघन्य धमकी भी दी थी, जिससे परिवार काफी दहशत में था।
तकनीकी अनुसंधान से पुलिस को मिली सफलता
मामले की संवेदनशीलता और तेजाब हमले की धमकी को गंभीरता से लेते हुए साइबर डीएसपी सह थानाध्यक्ष नीतिश चंद्र धारिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान (Technical Investigation) का सहारा लिया और डिजिटल फुटप्रिंट्स का पीछा करते हुए अभियुक्त राहुल कुमार मेहता को फतुहा से धर दबोचा। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी को समय रहते टाल दिया गया।
आपत्तिजनक साक्ष्य और सिम कार्ड बरामद
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने राहुल मेहता के मोबाइल फोन की जांच की, तो उसमें पीड़िता से संबंधित कई आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बरामद हुए। इसके साथ ही आरोपी के पास से कुल 4 सिम कार्ड जब्त किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल वह धमकी देने और ब्लैकमेलिंग के लिए कर रहा था। डीएसपी नीतिश चंद्र धारिया ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुख्ता साक्ष्य मिले हैं और उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा जा रहा है।
रिपोर्ट - अनिल कुमार