दानापुर में खूनी गैंगवार,बेखौफ बदमाशों ने कुख्यात सोनू को गोलियों से भूना; मौके पर मौत

दानापुर थाना क्षेत्र के इमली तल में सरेशाम वर्चस्व की लड़ाई में बेखौफ बदमाशों ने कुख्यात अपराधी सोनू कुमार (40 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की पुष्टि पटना नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) संकेत कुमार ने की है।

patna danapur gangwar notorious-criminal shot dead
दानापुर में खूनी गैंगवार,बेखौफ बदमाशों ने कुख्यात सोनू को गोलियों से भूना- फोटो : Reporter

पटना के दानापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत इमली तल इलाके में सरेशाम गैंगवार की भीषण वारदात सामने आई है। बेखौफ अपराधियों ने एक व्यक्ति को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग की और उसे गोलियों से छलनी कर दिया। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों से बुरी तरह बिंधे शख्स ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल कायम हो गया है।


कुख्यात सोनू कुमार के रूप में हुई मृतक की पहचान

घटना की सूचना मिलते ही दानापुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची और छानबीन शुरू की। मृतक की पहचान सिपारा निवासी 40 वर्षीय सोनू कुमार के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सोनू सिंह जमीन के कारोबार से जुड़े हुए थे। पुलिस के अनुसार, सोनू आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति था और उस पर कई मामले दर्ज थे। वह पिछले लंबे समय से दानापुर थाना क्षेत्र में ही रह रहा था और पुलिस को आशंका है कि वर्चस्व की लड़ाई में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। 

आपसी रंजिश और गैंगवार के कोण से जांच में जुटी पुलिस

प्रारंभिक जांच में घटना के तार आपसी गैंगवार से जुड़ते नजर आ रहे हैं। पुलिस इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही है कि आपराधिक गुटों के बीच वर्चस्व या किसी पुरानी रंजिश के कारण तो इस वारदात को अंजाम नहीं दिया गया। घटनास्थल से पुलिस ने साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास की गतिविधियों को खंगालना शुरू कर दिया है ताकि शूटरों के सुराग हासिल किए जा सकें।


सिटी एसपी वेस्ट ने की पुष्टि, बदमाशों की धरपकड़ के लिए नाकेबंदी

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पटना नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) संकेत कुमार ने वारदात की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कुख्यात सोनू कुमार की हत्या के मामले में पुलिस की विशेष टीम का गठन किया गया है। अपराधियों के भागने के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।