Bihar LPG News: बिहार में LPG गैस की नहीं है कमी ! पटना डीएम ने लोगों से की अपील, घबराकर ना करें बुकिंग

Bihar LPG News: पटना डीएम ने एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर आ रही खबरों को देखते हुए बिहार के लोगों से खास अपील की है। पटना डीएम ने बताया है कि राज्य में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। घबराकर आप लोग बुकिंग ना करें।

LPG गैस
LPG गैस की नहीं है कमी !- फोटो : social media

Bihar LPG News: पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के बीच देशभर में एलपीजी गैस और पेट्रोलियम आपूर्ति को लेकर चिंता का माहौल बनता नजर आ रहा है। बिहार में भी कई जगहों पर घरेलू गैस सिलेंडर की कमी की चर्चा सामने आई है। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्हें समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। वहीं कुछ गैस एजेंसियों का कहना है कि पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर की आपूर्ति नहीं होने के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है।

अफवाहों पर ना दे ध्यान 

हालांकि इस मामले को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है। पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेष पाराशर और बिहार के डीजीपी विनय कुमार ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर गैस सिलेंडर की खरीदारी या जमाखोरी न करें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अगर कोई व्यक्ति गैस सिलेंडर की जमाखोरी करते हुए पकड़ा गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी प्रशासन की विशेष नजर है।

गैस की कोई कमी नहीं

पटना के जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा है कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। सभी गैस कंपनियों और डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास पर्याप्त मात्रा में एलपीजी उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि गैस की बुकिंग मिस्ड कॉल, एसएमएस/आईवीआरएस, व्हाट्सएप और ओटीपी के माध्यम से की जा रही है और यह व्यवस्था पूरी तरह से चालू है। साथ ही गैस की अगली बुकिंग के बीच 25 दिनों का अंतराल तय किया गया है।

जिलाधिकारी ने की बैठक 

जिलाधिकारी ने बताया कि इस मुद्दे पर गैस कंपनियों के एरिया ऑफिसर्स, फील्ड ऑफिसर्स, अपर जिला दंडाधिकारी (आपूर्ति) और सभी अनुमंडल पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई है। प्रशासन की स्थिति पर लगातार नजर है। उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को गैस डीलरों और वितरकों के यहां नियमित निरीक्षण और छापेमारी करने का निर्देश दिया है। साथ ही ब्लैकमार्केटिंग और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

पटना से अनिल की रिपोर्ट