Patna Dussehra: पटना में 90 फीट के महाबली रावण का होगा दहन, आंखों से बरसेंगे अंगारे और मुंह से निकलेंगे शोले, गांधी मैदान में भव्य दशहरा की तैयारी पूरी

Patna Dussehra: बिहार समेत पूरे देश में आज विजयादशमी की धूम है। बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की जीत के प्रतीक दशहरा पर्व को लेकर राजधानी पटना में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Patna Dussehra

Patna Dussehra: बिहार समेत पूरे देश में आज विजयादशमी की धूम है। बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की जीत के प्रतीक दशहरा पर्व को लेकर राजधानी पटना में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। ऐतिहासिक गांधी मैदान में इस बार रावण वध समारोह पहले से अधिक भव्य और आकर्षक होने जा रहा है। यहां 90 फीट ऊंचे विशालकाय रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। वहीं, मेघनाद का 85 फीट और कुंभकर्ण का 80 फीट ऊंचा पुतला भी आग के हवाले किया जाएगा। खास तकनीक, रंगीन रोशनी और धमाकेदार साउंड इफेक्ट्स के बीच होने वाला यह आयोजन दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।

इस बार रावण का पुतला पिछले साल की तुलना में 10 फीट ऊंचा बनाया गया है। पिछले वर्ष रावण 80 फीट, कुंभकर्ण 75 फीट और मेघनाद 70 फीट के थे। तीनों पुतलों की ऊंचाई बढ़ाकर इस बार आयोजन को और भव्य रूप देने की तैयारी की गई है। पुतलों के निर्माण की जिम्मेदारी आगरा से आए अनुभवी कारीगरों को सौंपी गई है। इन्हें साउथ इंडियन स्टाइल और राजस्थानी थीम के परिधानों से सजाया जा रहा है।

रावण की आंखों से बरसेंगे अंगारे, मुंह से निकलेंगे शोले

गांधी मैदान में रावण वध का नजारा इस बार बेहद दिलचस्प और रोमांचक होने वाला है। पुतले के दहन के दौरान रावण की आंखों से अंगारे, मुंह से शोले और कानों तथा कंधों से रंगीन धुआं निकलता दिखाई देगा। लाइट एंड साउंड इफेक्ट्स के जरिए रावण के अट्टहास का दृश्य भी प्रस्तुत किया जाएगा। आतिशबाजी और विशेष सजावट समारोह की रौनक बढ़ाएगी। श्री दशहरा कमिटी ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में रामायण के प्रसंगों के जरिए धर्म की विजय का संदेश दिया जाएगा।

दोपहर 2 बजे निकलेगी भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा

रावण वध से पहले दोपहर 2 बजे नागाबाबा ठाकुरबाड़ी से भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकाली जाएगी। गाजे-बाजे के साथ निकलने वाली इस यात्रा में रथ पर भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान के साथ वानर सेना की झांकी शामिल रहेगी। शोभायात्रा शाम 4 बजे तक गांधी मैदान पहुंचने की जानकारी दी गई है।

इसके बाद अशोक वाटिका प्रसंग और लंका दहन की सजीव प्रस्तुति होगी। दिल्ली के सांस्कृतिक कला संगम के कलाकार रामायण के विभिन्न प्रसंगों का मंचन करेंगे। शाम 4 बजे से रावण वध कार्यक्रम शुरू होने की जानकारी दी गई है। इसके बाद रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाएगा।

गांधी मैदान में चाक-चौबंद सुरक्षा, ड्रोन से होगी निगरानी

भारी भीड़ और आयोजन की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी कुंदन कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने गांधी मैदान में तैयारियों की समीक्षा कर बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। अधिकारियों ने सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

गांधी मैदान को चार सेक्टरों में बांटकर सेक्टर पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 25 प्रमुख बिंदुओं पर वरीय मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। पूरे मैदान में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी और ड्रोन के जरिए भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।

आयोजन स्थल पर हेल्प डेस्क, अग्निशमन सेवा, एंबुलेंस, पेयजल और सिविल डिफेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। अस्थायी थाना और क्विक रिस्पॉन्स टीम भी तैनात रहेगी। कार्यक्रम में आने वाले लोगों की जांच और स्कैनिंग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

धर्म की जीत का संदेश देगा दशहरा

विजयादशमी का पर्व भगवान श्रीराम की रावण पर विजय और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इस दिन रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन अधर्म के अंत और सत्य की विजय का संदेश देता है। पटना के गांधी मैदान में आयोजित होने वाला भव्य रावण वध समारोह इसी परंपरा को जीवंत करेगा। विशाल पुतलों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच राजधानी में दशहरा का उत्सव खास आकर्षण बनने जा रहा है।