Patna High Court News : पटना हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन चुनाव कल, 109 उम्मीदवार मैदान में, 5 हजार से अधिक अधिवक्ता करेंगे मतदान
PATNA : पटना हाईकोर्ट के सबसे बड़े अधिवक्ता संघ के विभिन्न पदों के लिए कल 17 अप्रैल,2026 मतदान होंगे। इसमें लगभग पांच हजार से अधिवक्तागण अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस चुनाव में एक अध्यक्ष, एक महासचिव, तीन उपाध्यक्ष समेत अन्य पदों के उम्मीदवारों को चुनने के लिए मतदान होगा। पटना हाईकोर्ट प्रशासन ने हाई कोर्ट परिसर में एडवोकेट एसोसिएशन का चुनाव कराने की अनुमति शर्तो के साथ दी है। लाउडस्पीकर का इस्तेमाल नहीं करने और हाईकोर्ट का काम काज बाधित नहीं होने की शर्त पर हाईकोर्ट परिसर में चुनाव कराने की अनुमति दी है।
पटना हाईकोर्ट के एडवोकेट एसोसिएशन के चुनाव में 9 पदों पर 109 उम्मीदवार विभिन्न पदों पर अपना भाग्य आजमा रहे हैं। सबसे ज्यादा 24 उम्मीदवार उपाध्यक्ष के तीन पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल कर चुनाव लड़ने की तैयारी में है। वही संयुक्त सचिव के तीन पदों के लिए 15 उम्मीदवार चुनावी मैदान में है। जबकि सहायक सचिव के तीन पदों के लिए 12 उम्मीदवार खड़े हैं। कल 17 अप्रैल,2026 को चुनाव के दिन अधिवक्तागण अपने मताधिकार का उपयोग करते हुए मत डालेंगे।
एडवोकेट एसोसिएशन के 5 हजार 2 सौ 62 मतदाता आगामी 17 अप्रैल,2026 को मतपत्रों पर अपने पसंदीदा उम्मीदवार के नाम के सामने क्रॉस का निशान लगा कर मतदान करेंगे। क्रॉस के बजाये दूसरा चिन्ह लगाये जाने पर मतपत्र को रद्द माना जायेगा। इस चुनाव के निर्वाची पदाधिकारी वरीय अधिवक्ता अंजनी कुमार ने चुनाव को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि एडवोकेट एसोसिएशन का चुनाव कल 17 अप्रैल,2026 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक अधिवक्ता मतदाता अपने मत डाल सकेंगे। मतदान के बाद सभी पदों के उम्मीदवारों के मौजूदगी में मत पेटी को सील कर सुरक्षित स्थान पर रखा जायेगा। उनका कहना था कि अगले दिन 18 अप्रैल 2026 को सुबह 9 बजे से मतों की गिनती का काम शुरू किया जायेगा। जैसे जैसे गिनती का पूरा होगा, परिणाम घोषित कर दिये जाएंगे।