पटना मरीन ड्राइव पर मोबाइल स्नैचिंग का पर्दाफाश: पुलिस ने 4 शातिर झपटमारों को दबोचा, 7 मोबाइल बरामद

5 अगस्त की शाम गंगा पथ पर हुई छिनतई की घटना में पटना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने रामकृष्ण नगर और कंकड़बाग से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 7 मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई है।

Mobile Snatching gang busted by Patna police
पटना मरीन ड्राइव पर मोबाइल झपटने वाले गिरोह का पर्दाफाश- फोटो : Reporter

राजधानी पटना के मरीन ड्राइव (गंगा पथ) पर 5 अगस्त की शाम हुई मोबाइल स्नैचिंग की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मामले में संलिप्त कुल चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पटना मरीन ड्राइव पर लगातार बढ़ रही स्नैचिंग की घटनाओं के बीच पुलिस को मिली इस सफलता से अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं।


रामकृष्ण नगर और कंकड़बाग से हुई गिरफ्तारियां

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र निवासी आदित्य, शिवा और गोपी के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ और तीनों आरोपियों की निशानदेही के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कंकड़बाग इलाके से उनके चौथे साथी राहुल कुमार को भी धर दबोचा।


आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद

पुलिस ने इस गिरोह के खिलाफ शिकंजा कसते हुए उनके पास से कुल 7 चोरी व छीने गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके साथ ही मरीन ड्राइव पर 5 अगस्त की शाम वारदात को अंजाम देने में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है। बरामद मोबाइल फोन के असली मालिकों का पता लगाया जा रहा है।


आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी पुलिस, आगे की कानूनी कार्रवाई जारी

मामले की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष राहुल ठाकुर ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी चारों आरोपियों के पुराने आपराधिक इतिहास की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि यह गिरोह शहर में और किन-किन छिनतई की घटनाओं में शामिल रहा है। फिलहाल, सभी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पटना से रंजीत की रिपोर्ट