भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन को पटना नगर ने दिया बड़ा तोहफा, बांकीपुर क्षेत्र में इस काम को दी मंजूरी
पटना नगर निगम के 30 वार्डों में 35 हाई मास्ट लाइट्स लगाने के लिए ₹1.61 करोड़ स्वीकृत। बांकीपुर की जनता ने पूर्व विधायक नितिन नवीन के प्रयासों की सराहना की।
Patna - राजधानी पटना के शहरी ढांचे और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। HUDCO (हुडको) की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (CSR) पहल के तहत पटना नगर निगम क्षेत्र में 35 हाई मास्ट लाइट्स की स्थापना के लिए 1,61,54,950 रुपये (लगभग 1.62 करोड़) के अनुदान की स्वीकृति दी गई है। इस घोषणा के बाद बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता में खुशी की लहर है और स्थानीय नागरिकों ने पूर्व विधायक व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
30 वार्डों के 35 प्रमुख स्थल होंगे रोशन
इस परियोजना के अंतर्गत 12.5 मीटर ऊंचे 35 हाई मास्ट लाइट्स लगाए जाएंगे। ये लाइट्स पटना नगर निगम के 30 अलग-अलग वार्डों में स्थापित की जाएंगी। विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों को इसके लिए चिन्हित किया गया है। इन आधुनिक लाइट्स के लगने से न केवल शहर के सौंदर्यीकरण में वृद्धि होगी, बल्कि रात के समय आवागमन भी सुगम और सुरक्षित हो जाएगा।

सुरक्षा और स्मार्ट सिटी मानकों पर जोर
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि हाई मास्ट लाइट्स की स्थापना केवल एक प्रकाश व्यवस्था नहीं, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से एक बड़ा कदम है। इससे रात के समय असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगेगा और नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी। यह पहल पटना को 'स्मार्ट सिटी' के मानकों के अनुरूप आधुनिक और सुव्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
नितिन नवीन की दूरदर्शी पहल
गौरतलब है कि तत्कालीन पथ निर्माण मंत्री और बांकीपुर विधायक रहते हुए नितिन नवीन ने ही राजधानी के इन 35 स्थलों पर हाई मास्ट लाइटिंग लगाने की अनुशंसा की थी। उनके प्रयासों का ही परिणाम है कि आज इतनी बड़ी राशि का अनुदान स्वीकृत हुआ है। श्री नवीन ने हमेशा इस बात पर जोर दिया है कि राज्य के नगर निकायों को सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए सरकार और कॉर्पोरेट सेक्टर को मिलकर काम करना चाहिए।
जनता ने जताया आभार
बांकीपुर क्षेत्र के निवासियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से नितिन नवीन के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र का विकास निरंतर जारी है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस परियोजना के पूरा होने से आमजन को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और पटना नगर निगम क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
Report - vandana sharma