झांसे में न आएं, सतर्क रहें! पालीगंज में 'पुलिस दीदी' ने महिलाओं और बच्चों को दिए सुरक्षा के महामंत्र

पटना के पालीगंज में अभया ब्रिगेड टीम ने मानव तस्करी, महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया। एसआई प्रेमलता कुमारी के नेतृत्व में लोगों को कानूनी जानकारी और 112, 181, 1098 जैसे हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक किया गया।

Abhaya Brigade awareness drive on human trafficking in Palig
पालीगंज में अभया ब्रिगेड टीम ने मानव तस्करी, महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान- फोटो : Reporter

पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल क्षेत्र में रविवार को बिहार पुलिस की अभया ब्रिगेड टीम द्वारा मानव तस्करी, महिला उत्पीड़न और बाल सुरक्षा को लेकर एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस मुहिम के तहत टीम ने क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों, बस स्टैंडों और स्थानीय बाजारों में जाकर आम नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को सुरक्षा संबंधी नियमों और उनके कानूनी अधिकारों की विस्तार से जानकारी दी।


 'पुलिस दीदी' ने महिलाओं और बालिकाओं को दिए सुरक्षा के टिप्स

जागरूकता अभियान का नेतृत्व अभया ब्रिगेड की पदाधिकारी एसआई प्रेमलता कुमारी ने किया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं, बालिकाओं और स्कूली बच्चों को मानव तस्करी के खतरों, साइबर अपराध, राह चलते होने वाली छेड़छाड़ और घरेलू उत्पीड़न से बचाव के व्यावहारिक तरीके बताए। एसआई प्रेमलता ने कहा कि "पुलिस दीदी टीम" लगातार स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर जाकर महिलाओं को निडर बनाने और सतर्क रहने के लिए प्रेरित कर रही है।


प्रलोभन देने वाले अनजान लोगों से सावधान रहने की अपील

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम जनता को आगाह किया कि नौकरी, आर्थिक मदद या अन्य प्रलोभन देने वाले अनजान व्यक्तियों के बहकावे में बिल्कुल न आएं। किसी भी व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने की सलाह दी गई। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि सजगता और त्वरित सूचना ही ऐसे अपराधों को रोकने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

संकट के समय मददगार साबित होंगे ये प्रमुख आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर

लोगों को आपात स्थिति में तुरंत मदद पाने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। किसी भी आपात परिस्थिति के लिए डायल 112, महिला सहायता के लिए महिला हेल्पलाइन 181, बच्चों की सुरक्षा हेतु चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और ऑनलाइन वित्तीय या डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के लिए साइबर हेल्पलाइन 1930 पर तुरंत संपर्क करने का आग्रह किया गया।

कमजोर वर्ग एवं अपराध अनुसंधान विभाग की पहल, ग्रामीण इलाकों में भी चलेगा अभियान

मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि यह मुहिम बिहार पुलिस के 'कमजोर वर्ग एवं अपराध अनुसंधान विभाग' की ओर से शुरू की गई है। इसके तहत अभया ब्रिगेड टीम का गठन कर महिला व बाल सुरक्षा और तस्करी रोकने का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीण इलाकों में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए यह जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

ऋषिकेश की रिपोर्ट