UPSC परीक्षा को लेकर पटना छावनी में तब्दील!30 जोन में कड़ी निगरानी प्रशासन अलर्ट मोड में, कदाचार पर जीरो टॉलरेंस

UPSC Civil Services Prelims 2026: पटना में आज UPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था का अभूतपूर्व घेरा तैयार कर दिया है।

Patna on High Alert for UPSC Exam
पटना में UPSC प्रीलिम्स 2026 का किला बंद सुरक्षा घेरा- फोटो : X

UPSC Civil Services Prelims 2026: पटना में आज UPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था का अभूतपूर्व घेरा तैयार कर दिया है। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह हाई-अलर्ट मोड पर है।पटना प्रमंडल आयुक्त सह समन्वयी पर्यवेक्षक मयंक वरवड़े ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की गरिमा और पारदर्शिता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनुचित गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस बार पटना में कुल 79 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 39,147 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है पहली पाली सुबह और दूसरी दोपहर में। हर केंद्र पर कड़ी निगरानी और प्रशासनिक नियंत्रण सुनिश्चित किया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूरे शहर को 30 जोन में बांटा गया है। प्रत्येक केंद्र पर स्थानीय निरीक्षण अधिकारी, सहायक पर्यवेक्षक-सह-स्टैटिक दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा 30 जोनल दंडाधिकारी, 16 अतिरिक्त सुरक्षित दंडाधिकारी और भारी पुलिस बल लगातार निगरानी कर रहे हैं।

भीड़ और यातायात प्रबंधन को लेकर भी विशेष तैयारी की गई है। परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों के सुगम आवागमन के लिए प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक नियंत्रण कड़ा कर दिया गया है ताकि किसी प्रकार की जाम की स्थिति न बने और समय पर सभी परीक्षार्थी केंद्र तक पहुंच सकें। कदाचार रोकने के लिए इस बार सख्त नियम लागू किए गए हैं। परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। प्रवेश द्वार पर सघन जांच की जा रही है और लगातार उद्घोषणा के माध्यम से दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

यदि कोई अभ्यर्थी प्रतिबंधित सामग्री के साथ पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ-साथ भविष्य की परीक्षाओं से भी वंचित किए जाने का प्रावधान रखा गया है। पहली पाली में सुबह 9 बजे और दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे के बाद प्रवेश बंद कर दिया जाएगा।इस पूरे परीक्षा तंत्र की निगरानी के लिए चार वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को प्रेक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है, जबकि एक केंद्रीय नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय किया गया है। वहीं जिला पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा और UPSC प्रतिनिधियों ने सभी अधिकारियों को विस्तृत ब्रीफिंग दी है।