पटना में खाकी का खौफ: 'दारू नहीं पी है, चेक कर लो' कहने पर पुलिस ने फोड़ी मजदूर की आँख, CCTV में दिखी दरिंदगी

पटना पुलिस का अखफोडवा कांड .... यकीन नहीं तो देख लीजिए

Patna Police ankh phodwa incident if you dont believe it the
पटना पुलिस का अखफोडवा कांड - फोटो : news 4 nation

पटना सिटी के मालसलामी थाना क्षेत्र से पुलिस की दादागिरी का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ एक गरीब मजदूर को पुलिस ने सिर्फ इसलिए बेरहमी से पीट दिया क्योंकि उसने शराब न पीने की बात कहते हुए जाँच की चुनौती दी थी। पीड़ित की पत्नी पूजा ने बताया कि उसके पति बग्गी चलाने का काम करते हैं और जब वे अपने काम पर जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक लिया।

शराब की जाँच और विवाद की शुरुआत

महिला के अनुसार, मरसलामी थाने की पुलिस ने गश्त के दौरान उनके पति को रोककर पूछताछ शुरू की। जब पुलिस ने उन पर शराब पीने का शक जताया, तो पति ने हिम्मत दिखाते हुए कहा, "सर, जाँच कर लीजिए, मैंने दारू नहीं पी है।" बस इतनी सी बात पर पुलिसकर्मी आगबबूला हो गए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनके चेहरे और आँख पर गंभीर चोटें आईं, जिससे आँख से खून भी निकलने लगा।

मामले को दबाने की कोशिश 

घटना के बाद जब पीड़ित की पत्नी और अन्य लोग मौके पर पहुँचे और विरोध जताया, तो पुलिस के तेवर नरम पड़ गए। महिला का आरोप है कि मारपीट करने वाले हवलदार ने अपनी गलती स्वीकार की और मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की। पुलिस ने पीड़ित को थाने ले जाने के बजाय रास्ते में ही रोक दिया और इलाज के नाम पर ₹500 थमाकर उन्हें वहाँ से चलते बनने को कहा।

न्याय की गुहार और बढ़ता आक्रोश

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर काफी गुस्सा है। पूजा ने न्यूज़ 4 नेशन  के सामने अपनी व्यथा सुनाते हुए न्याय की माँग की है। उनका कहना है कि पुलिस का काम सुरक्षा देना है, न कि बेगुनाह लोगों की आँखें फोड़ना। फिलहाल इस मामले में पुलिस के उच्च अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद विभाग की काफी किरकिरी हो रही है।