दबिश ऐसी कि भागने का मौका न मिला, बैंक से पैसा झपटकर भाग रहे कोढ़ा गैंग के लुटेरे को खदेड़कर दबोचा, पुलिस की चीता जैसी फुर्ती ने किया पस्त!
पटना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात कोढ़ा गैंग के एक सदस्य को रंगे हाथों (ऑन द स्पॉट) गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बैंक से पैसे निकालकर जा रही एक महिला से छिनतई के बाद की गई।
Patna - राजधानी के बेऊर थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस ने बड़ी तत्परता दिखाते हुए कोढ़ा गैंग के एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया अपराधी बैंक से रुपया निकालकर जा रही एक महिला से पर्स झपटकर भाग रहा था। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया, हालांकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।
सिपारा के पास हुई छिनतई की वारदात
घटना दिनांक 04 फरवरी 2026 की है। बेऊर थानांतर्गत सिपारा के पास एक महिला बैंक से पैसे निकालकर जा रही थी, तभी बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने उनका पर्स झपट लिया और तेजी से भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही बेऊर थाना पुलिस की टीम तुरंत हरकत में आई और भाग रहे अपराधियों का पीछा करना शुरू कर दिया।
पुलिस की घेराबंदी देख बाइक से कूदा अपराधी
पुलिस को पीछे आता देख अपराधियों में हड़कंप मच गया। पीछा करने के दौरान बाइक पर पीछे बैठा अपराधी चलती बाइक से कूदकर गलियों का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। हालांकि, पुलिस टीम ने हिम्मत नहीं हारी और बाइक चला रहे दूसरे अपराधी को घेराबंदी कर धर दबोचा। पकड़े गए अपराधी के पास से चोरी की एक बाइक भी बरामद की गई है।
कटिहार के कोढ़ा गैंग से जुड़ा है तार
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDO-01) फुलवारीशरीफ, सुशील कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार अपराधी की पहचान आर्यन कुमार उर्फ अनीश के रूप में हुई है। वह कटिहार जिले के कोढ़ा (नया टोला) का रहने वाला है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया है कि वह अंतरराज्यीय कोढ़ा गैंग का सदस्य है, जो बैंक के बाहर रेकी कर छिनतई की घटनाओं को अंजाम देता है।
पिछली वारदातों में भी रही संलिप्तता
कड़ी पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त आर्यन ने पुलिस के सामने कई राज उगले हैं। उसने स्वीकार किया कि उसने ही दिनांक 23 दिसंबर 2025 को बेऊर थाना क्षेत्र के हरनीचक में भी छिनतई की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अब उसके मोबाइल रिकॉर्ड और पुराने अपराधिक इतिहास को खंगाल रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुँचा जा सके।
फरार अपराधी की तलाश में छापेमारी
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी के पास से बरामद बाइक चोरी की है, जिसका इस्तेमाल वे वारदातों में करते थे। फरार हुए दूसरे अपराधी की पहचान सुनिश्चित कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।