Patna Police Action: करोड़ों की ठगी और किडनैपिंग का पटना कनेक्शन! हथियारों के साथ कुख्यात पिंटू बाबा अरेस्ट
पटना के फतुहा और शाहजहांपुर इलाके में पुलिस ने अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने बताया कि 8 जून की रात छपाक वाटर पार्क के पास से हुए किडनैपिंग केस में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत को छुड़ा लिया।
पटना पुलिस ने अपराध और अपराधियों के सफाए के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को एक बड़ी सफलता हासिल की है। फतुहा एसडीपीओ (SDPO) कार्यालय में आयोजित एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने दो अलग-अलग बड़े मामलों का भंडाफोड़ किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने एक तरफ जहाँ मुस्तैदी दिखाते हुए अपहरणकर्ताओं के पूरे गिरोह को बेनकाब किया है, वहीं दूसरी तरफ हथियारों से लैस एक कुख्यात अपराधी को दबोचकर डकैती की एक बड़ी वारदात को होने से पहले ही टाल दिया।
छपाक वाटर पार्क के पास से अपहरण, पुलिस ने जाल बिछाकर छुड़ाया
पहला मामला फतुहा थाना क्षेत्र का है, जहाँ 8 जून की रात पुलिस को सूचना मिली कि 'छपाक वाटर पार्क' के पास से कुछ बदमाशों ने एक व्यक्ति का कार में जबरन अपहरण कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फतुहा थानाध्यक्ष के नेतृत्व में तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित और वैज्ञानिक कार्रवाई करते हुए छोटी लाइन के पास घेराबंदी की, जहाँ से अपहृत संतोष बिहारी को सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार समेत अपहरणकर्ताओं को रंगे हाथ दबोच लिया गया।
अपहरण के पीछे निकला करोड़ों की ठगी का चौंकाने वाला खेल
पुलिस की पूछताछ में इस अपहरण कांड के पीछे एक बेहद चौंकाने वाला मोड़ सामने आया। गिरफ्तार आरोपियों में विजय कुमार दास, आशीष कुमार उर्फ मोदी, आशीष कुमार (तीनों सबौर, भागलपुर निवासी), कृष्णकांत (बुद्धचक, फतुहा निवासी) के साथ-साथ खुद अपहृत संतोष बिहारी भी पुलिस के रडार पर आ गया। जांच में पता चला कि अपहृत संतोष बिहारी के खिलाफ नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए करोड़ों रुपये की ठगी करने का मामला दर्ज है। इस पूरे गुत्थी को सुलझाने और सफल ऑपरेशन को अंजाम देने में अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, एसआई बबन चौधरी, योगेश कुमार और राहुल कुमार सिंह की मुख्य भूमिका रही।
शाहजहांपुर में डकैती की साजिश विफल, पिंटू बाबा गिरफ्तार
दूसरी बड़ी कामयाबी शाहजहांपुर थाना क्षेत्र में मिली, जहाँ पुलिस ने मुस्तैदी दिखाकर डकैती की एक बड़ी योजना को विफल कर दिया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जेल से छूटा कुख्यात अपराधी पिंटू सिंह उर्फ पिंटू बाबा (ग्राम एई) अपने घर पर साथियों के साथ मिलकर डकैती की साजिश रच रहा है। थानाध्यक्ष बमबम कुमार, अभिनव त्रिपाठी और गिरीश गोस्वामी की टीम ने बिना वक्त गंवाए पिंटू बाबा के घर पर छापेमारी की। पुलिस की दबिश देख उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर पिंटू बाबा को दबोच लिया।
भारी मात्रा में हथियार बरामद, फरार अपराधियों की तलाश तेज
गिरफ्तार कुख्यात पिंटू बाबा के पास से पुलिस ने एक देसी कट्टा, 17 जिंदा कारतूस, एक खाली मैगजीन और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। ग्रामीण एसपी ने बताया कि पिंटू बाबा का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर पहले से ही हत्या व आर्म्स एक्ट के तीन गंभीर मामले दर्ज हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में एसपी कुंदन कुमार ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि पुलिस की यह दोहरी कार्रवाई अपराधियों के मनोबल को तोड़ने वाली है। फिलहाल इस गिरोह से जुड़े अन्य फरार अपराधियों की धर-पकड़ के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
रिपोर्ट - रजनीश कुमार