Patna Crime: नौबतपुर और दानापुर में पुलिस की रेड, 160 किलो गांजे के साथ 3 गिरफ्तार

पटना पुलिस के पश्चिमी क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान में बड़ी सफलता मिली है। नौबतपुर और दानापुर से 176 किलोग्राम से अधिक गांजा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मोबाइल बरामद कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

Ganja Seized in Patna
नौबतपुर और दानापुर में पुलिस की रेड, 160 किलो गांजे के साथ 3 गिरफ्तार- फोटो : Reporter

पटना पुलिस के पश्चिमी क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तत्परता से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 176 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद किया है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को भी रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।


नौबतपुर में वाहन चेकिंग के दौरान 160 किलो गांजा जब्त

पहली कार्रवाई नौबतपुर थाना क्षेत्र में बिहार-सरमेरा ओवरब्रिज के पास हुई। 17 सितंबर 2026 की रात वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर एक संदिग्ध बाइक सवार भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर वाहन से प्लास्टिक में पैक 17 बंडलों में भरा कुल 160 किलोग्राम गांजा और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।

नौबतपुर मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

नौबतपुर कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान 34 वर्षीय पंकज कुमार और 38 वर्षीय अभिलाष कुमार उर्फ चुन्नू के रूप में हुई है। पुलिस ने इस संबंध में नौबतपुर थाना कांड संख्या 694/26 दर्ज करते हुए NDPS Act की संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


दानापुर में गुप्त सूचना पर छापेमारी, एक गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई दानापुर थाना क्षेत्र के पाटलिपुत्र इलाके में 16 सितंबर 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 45 वर्षीय अखिलेश मिश्रा उर्फ पंडित जी को गिरफ्तार किया। उसके पास से 16.481 किलोग्राम गांजा, चार इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक कैलकुलेटर और दो मोबाइल बरामद हुए, जिसके बाद दानापुर थाना कांड संख्या 1051/26 के तहत मामला दर्ज किया गया।

पटना से अनिल की रिपोर्ट