Patna Police Viral Video: SDPO के रीडर का 'एंट्री माफिया' संग डांस वीडियो वायरल,बिहार पुलिस की साख पर उठा सवाल
पटना पुलिस की छवि को धूमिल करने वाला एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस और अवैध वसूली करने वाले 'एंट्री माफिया' के बीच की सांठगांठ उजागर हुई है।वीडियो ने विभाग के अनुशासन और भ्रष्टाचार मुक्त पुलिसिंग पर सवाल खड़े कर दिए है।
पटना पुलिस की साख को बट्टा लगाने वाला एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मियों को अपराधियों के साथ मौज-मस्ती करते देखा जा सकता है। इस घटना ने एक बार फिर 'खाकी' और 'एंट्री माफिया' के बीच के अतरंगी गठजोड़ को सार्वजनिक कर दिया है।सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में पुलिसकर्मी फिल्म 'दबंग' के चुलबुल पांडेय की तर्ज पर आंखों पर चश्मा लगाकर बार बालाओं के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि गुलाल लगाए ये पुलिसकर्मी पूरी तरह मस्ती में सराबोर हैं और कायदे-कानून की मर्यादा को ताक पर रखकर ठुमके लगा रहे हैं। यह मामला पटना जिला में तैनात अधिकारियों के सहयोगियों से जुड़ा है।

मस्ती कर रहे पुलिसकर्मियों की हुई पहचान
वीडियो के वायरल होने के बाद इसमें शामिल मुख्य चेहरों की पहचान कर ली गई है। मस्ती में डूबे लोगों में से एक की पहचान पालीगंज के SDPO 2 के रीडर के तौर पर तैनात पुलिसकर्मी प्रशांत कुमार के रूप में हुई है। वहीं, दूसरे पुलिसकर्मी की पहचान संतोष कुमार के तौर पर की गई है, जो रानीतालाब थाना में तैनात रहे हैं। ये वही संतोष कुमार सिपाही संख्या 5056 है जिन पर विगत दिनों जिलादेश संख्या 3646/2026 के तहत तत्कालीन थानाध्यक्ष बिट्टू कुमार सहित निलंबन की गाज गिरी है। नगर पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी पटना की रिपोर्ट के आधार पर इन दोनों के विरुद्ध कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, मनमानापन और संदिग्ध आचरण जैसे गंभीर आरोप पाए गए हैं। अब इनके करतूतों कि झलकिया सामने आ रही है।

कुख्यात 'एंट्री माफिया' के साथ दिखी नजदीकी
इस वीडियो का सबसे विवादित पहलू पुलिसकर्मियों के साथ 'एंट्री माफिया' की मौजूदगी है। महफिल में रानीतालाब और बिक्रम थाना क्षेत्र से बालू के अवैध धंधे में शामिल प्रिंस उर्फ बिट्टू भी दिखाई दे रहा है। बिट्टू बालू लदे ट्रक और ट्रैक्टरों को अवैध रूप से पास कराने वाले सिंडिकेट के लिए विख्यात है, जिसके साथ पुलिसकर्मियों के ये अतरंगी रिश्ते विभाग की पोल खोल रहे हैं।

विभाग की छवि और सुधार के प्रयासों को झटका
एक तरफ बिहार पुलिस सोशल मीडिया रील्स और वीडियो के जरिए अपनी छवि सुधारने और जनता का विश्वास जीतने की कोशिश कर रही है, वहीं दूसरी तरफ ऐसी करतूतें उन सभी प्रयासों पर पानी फेर रही हैं। वर्दी की आड़ में माफियाओं के साथ यह सांठगांठ न केवल भ्रष्टाचार को उजागर करती है, बल्कि विभाग की उन कोशिशों को भी पलीता लगा रही है जो इसे एक अनुशासित बल बनाने के लिए की जा रही हैं।