Bihar Crime : पटना में गोलीबारी के बाद पुलिस ने की छापेमारी, अवैध हथियारों का जखीरा किया बरामद, नगालैंड से जुड़ा कारतूस कनेक्शन

Bihar Crime : पटना पुलिस ने अवैध हथियारों का जखीरा बरामद किया है. पुलिस ने देशी रायफल, देशी कार्बाइन और एक पिस्टल के साथ जिन्दा कारतूस बरामद किया है.....पढ़िए आगे

Bihar Crime : पटना में गोलीबारी के बाद पुलिस ने की छापेमारी,
हथियारों का जखीरा बरामद - फोटो : ANIL

PATNA : पटना के पूर्वी इलाके में पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम करते हुए हथियारों और गोला-बारूद का भारी जखीरा बरामद किया है। मामला केवड़ा ओपी थाना क्षेत्र का है, जहाँ दो पक्षों के बीच भूमि विवाद को लेकर जमकर गोलीबारी हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसके पास से बरामद हथियारों की संख्या देख अधिकारी भी दंग रह गए।

नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार के निर्देशन में स्थानीय पुलिस और पिपरा थानाध्यक्ष ने घटनास्थल की सघन तलाशी ली। इस दौरान पुलिस को मौके से एक देशी रायफल, एक देशी कार्बाइन और एक पिस्टल बरामद हुई। इसके साथ ही 03 मैगजीन, 04 पिस्टल कवर और दो वॉकी-टॉकी भी जब्त किए गए हैं। वॉकी-टॉकी की बरामदगी से यह अंदेशा जताया जा रहा है कि अपराधी पुलिस की नजरों से बचने के लिए हाई-टेक संचार माध्यमों का इस्तेमाल कर रहे थे।

हथियारों के साथ-साथ पुलिस ने भारी मात्रा में कारतूस भी बरामद किए हैं। छापेमारी में कुल 341 जिंदा कारतूस और 05 खाली कारतूस के डिब्बे मिले हैं। पुलिस की शुरुआती जांच और बरामद डिब्बों की क्षमता को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि अभियुक्तों के पास करीब 200 अतिरिक्त कारतूस पहले से मौजूद थे, जिनका उपयोग किया जा चुका है। इतनी बड़ी मात्रा में कारतूसों का मिलना किसी बड़ी आपराधिक वारदात की योजना की ओर इशारा करता है।

गिरफ्तार अभियुक्त ने पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने स्वीकार किया कि बरामद किए गए कारतूसों की खेप नागालैंड से तस्करी कर लाई गई थी। साथ ही उसने यह भी बताया कि खाली डिब्बों में मौजूद कारतूसों का उपयोग पिछले कुछ वर्षों के दौरान विभिन्न सामाजिक आयोजनों में 'हर्ष फायरिंग' के लिए किया गया था। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किसी अन्य गंभीर अपराध में तो नहीं हुआ है।

नगर पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने बताया कि इस मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है और गिरफ्तार अपराधी के अन्य सहयोगियों की तलाश में छापेमारी जारी है। पुलिस अब नागालैंड से पटना तक फैले इस अवैध कारतूस नेटवर्क को खंगाल रही है ताकि तस्करी के इस पूरे सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया जा सके। इस कार्रवाई के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।

अनिल की रिपोर्ट